आईपीएल 2026 में आगरा का परचम फिर फहराया, बोदला के कार्तिक शर्मा पर सीएसके ने लुटाए 14.20 करोड़, शहर में जश्न

आगरा। आईपीएल ऑक्शन 2026 ने आगरा को एक और बड़ी खेल उपलब्धि दी है। आगरा के बोदला क्षेत्र से जुड़े युवा क्रिकेटर कार्तिक शर्मा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर आईपीएल में एंट्री कर ली है। संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में हुई आईपीएल 2026 मिनी नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने कार्तिक शर्मा को 14.20 करोड़ रुपये की ऊंची बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया है । यह आगरा के क्रिकेट इतिहास के लिए गर्व का क्षण है।

Dec 16, 2025 - 21:03
 0
आईपीएल 2026 में आगरा का परचम फिर फहराया, बोदला के कार्तिक शर्मा पर सीएसके ने लुटाए 14.20 करोड़, शहर में जश्न
क्रिकेटर कार्तिक शर्मा।

आगरा। आईपीएल ऑक्शन 2026 ने आगरा को एक और बड़ी खेल उपलब्धि दी है। आगरा के बोदला क्षेत्र से जुड़े युवा क्रिकेटर कार्तिक शर्मा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर आईपीएल में एंट्री कर ली है। संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में हुई आईपीएल 2026 मिनी नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने कार्तिक शर्मा को 14.20 करोड़ रुपये की ऊंची बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया है । यह आगरा के क्रिकेट इतिहास के लिए गर्व का क्षण है।

कार्तिक का बेस प्राइस महज 30 लाख रुपये था, जो बढ़ते-बढ़ते 47 गुना से अधिक होकर 14.20 करोड़ तक पहुंच गया। इस तरह वे आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। कार्तिक मूल रूप से आगरा के बोदला क्षेत्र के निवासी हैं, हालांकि बाद में उनका परिवार राजस्थान के भरतपुर में बस गया।

नीलामी में कार्तिक के नाम पर सबसे पहले मुंबई इंडियंस ने दिलचस्पी दिखाई। इसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और अंत में चेन्नई सुपर किंग्स के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। आखिरी दौर में सीएसके और हैदराबाद के बीच चली लंबी जंग में चेन्नई ने 14.20 करोड़ की बोली लगाकर बाजी मार ली।

कार्तिक शर्मा पहली बार आईपीएल में खेलते नजर आएंगे। वे राजस्थान की ओर से खेलने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और घरेलू व्हाइट बॉल क्रिकेट में अपनी विस्फोटक लोअर ऑर्डर बैटिंग के लिए पहचाने जाते हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लीग स्टेज में उन्होंने पांच मैचों में 160 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 133 रन बनाए। उनके छोटे टी20 करियर में भी उनका स्ट्राइक रेट लगातार 160 से ऊपर रहा है।

नीलामी के बाद आगरा और भरतपुर में कार्तिक के घर खुशी का माहौल है। मिठाइयां बांटी जा रही हैं, बधाइयों का तांता लगा है और जश्न की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कार्तिक के पिता मनोज शर्मा, जो पहले प्राइवेट टीचर थे, ने बेटे की क्रिकेट प्रैक्टिस के लिए अपनी नौकरी तक छोड़ दी थी। उन्होंने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि कार्तिक 10 करोड़ तक जाएगा, लेकिन 14 करोड़ से ज्यादा की बोली ने उनकी सारी मेहनत को सफल बना दिया।

पिता ने बताया कि कार्तिक को ढाई साल की उम्र से ही क्रिकेट का शौक था। पहले उन्होंने बेटे को तेज गेंदबाज बनाने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसकी प्रतिभा को देखते हुए उसे विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में तैयार किया गया। आगरा में रहते हुए कार्तिक ने दीपक चाहर और राहुल चाहर की एकेडमी में कोच लोकेंद्र सिंह चाहर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। सीएसके में चयन को लेकर परिवार बेहद उत्साहित है, क्योंकि टीम के आइकॉन एमएस धोनी भी विकेटकीपर-बल्लेबाज रहे हैं और कार्तिक को उनसे सीखने का सुनहरा मौका मिलेगा।

कार्तिक शर्मा की यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार बल्कि आगरा के युवाओं के लिए भी प्रेरणा है कि मेहनत, धैर्य और सही मार्गदर्शन से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है।