आगरा के जरार में बहू को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पीटा, ससुराल बना ‘यातना गृह’

आगरा। जनपद के बाह थाना क्षेत्र के जरार स्थित मोहल्ला नूरियारा में एक महिला के साथ उसके ही ससुराल में बर्बरता किये जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति, ससुर और अन्य ससुरालीजनों ने महिला को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। पीड़िता का कहना है कि उसका पति शराब के नशे में आए दिन मारपीट करता है और गांजा-शराब के लिए पैसे न देने पर उसे प्रताड़ित किया जाता है।

Mar 21, 2026 - 20:56
 0
आगरा के जरार में बहू को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पीटा, ससुराल बना ‘यातना गृह’
मेडिकल के लिए अस्पताल में भर्ती पीड़िता।

पीड़िता के अनुसार शनिवार को भी पति दीपक घर पहुंचा और नशे के लिए पैसे की मांग करने लगा। विरोध करने पर पति के अलावा ससुर साहब सिंह, सास शुकंतला और चचिया ससुर गंगा सिंह के साथ मिलकर महिला को कमरे में बंद कर लिया और बेरहमी से लाठी-डंडों से पीटा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह महिला को बचाया।

महिला ने बताया कि पति लगातार उसे घर से निकालने की धमकी दे रहा है। यहां तक कहा जा रहा है कि उसे नहीं रखेंगे, तलाक दे देंगे और खेत बेच देंगे। सबसे बड़ी पीड़ा यह है कि उसका नाबालिग बेटा भी ससुराल वालों ने अपने पास रख लिया है, जिससे वह पूरी तरह असहाय हो गई है।

शिकायत के बाद पुलिस ने घायल महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है। पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर में पति दीपक, ससुर साहब सिंह, सास शुकंतला और चचिया ससुर गंगा सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor