आगरा का संगीत जगत शोकमग्न, वरिष्ठ गिटार वादक आशुतोष शर्मा ‘आशू भाई’ का निधन
आगरा। संगीत जगत के लोकप्रिय कलाकार और वरिष्ठ गिटार वादक और “आशू ऑर्केस्ट्रा” के नाम से ख्याति प्राप्त आशुतोष शर्मा ‘आशू भाई’ के आकस्मिक निधन से शहर का संगीत क्षेत्र गमगीन है। लगभग 45 वर्षों से अधिक के लंबे करियर में आशू भाई ने न सिर्फ़ आगरा बल्कि पूरे क्षेत्र में संगीत और मनोरंजन के माध्यम से समाज को अविस्मरणीय लम्हे दिए।
शनिवार को अर्जुन नगर स्थित माया रानी स्कूल में शहर के वरिष्ठ एवं युवा कलाकारों के साथ-साथ समाजसेवी बड़ी संख्या में एकत्र हुए। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। शोक सभा के उपरांत लगभग 50–60 कलाकार नोएडा जहां सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार को ढांढ़स बंधाया।
शोक संवेदना प्रकट करने वालों में सुभाष सक्सेना, जसवंत सिंह, निरंजन सिंह, रिंकू वर्मा, विक्रम शुक्ला, रवि पिप्पल, भीम शिरोमणि, ललित, श्रीकांत, अनूप सिंह, योगेश शर्मा, ऋषि शिवहरे, बिट्टू सचदेवा, नरेश रावत, हरीश, जॉनी भाई, पवन राणा, अदिति शर्मा आदि शामिल हैं।
सभी का कहना था कि आशू भाई का जाना आगरा संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी सरलता, आत्मीयता और संगीत साधना को सदैव याद किया जाएगा।