निशाने पर लक्ष्य, दिल में जोशः आगरा के युवा शूटरों ने एयर राइफल प्रतियोगिता में दिखाया दमखम
देशभर के युवा निशानेबाजों ने आगरा में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय एयर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में अपना हुनर और जुनून दिखाया। 1 यूपी गर्ल्स बटालियन, बालूगंज मैदान में रिम फायर एंड एयर राइफल बेंच रेस्ट शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन एसीपी इमरान अहमद ने स्वयं निशाना साधकर किया।
आगरा। बालूगंज स्थित 1 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी मैदान में शनिवार से रिम फायर एंड एयर राइफल बेंच रेस्ट शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया की दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता का शुभारंभ जोश और उत्साह के साथ हुआ। उद्घाटन के अवसर पर एसीपी इमरान अहमद ने निशाना साधते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत विज और सचिव हिना विज ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर से 120 से अधिक युवा प्रतिभागी और 40 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं। प्रतियोगी ओडिशा, नागालैंड, लखनऊ, पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र, प्रयागराज और उत्तराखंड सहित सात राज्यों से पहुंचे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास के गुणों को प्रोत्साहित करना है, ताकि निशानेबाजी को खेल के रूप में लोकप्रियता मिले।
प्रतियोगिता में आयुष गर्ग (भवानी गन हाउस), प्रमोद पॉल (ट्रांजेक्ट्रान), साइमन शरीफ (इंडियन शूटिंग डॉट कॉम), राजेश कुमार (एयर सॉफ्ट गन इंडिया) और भवतेज (कायसर) का विशेष सहयोग रहा। प्रतिभागियों ने लक्ष्य पर केंद्रित होकर अपनी निशानेबाजी कौशल से सभी को प्रभावित किया। मैदान में युवा शूटरों की लगन और सटीकता का दृश्य देखने लायक रहा।
प्रतियोगिता का समापन रविवार को भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शूटरों को सम्मानित किया जाएगा।
Top of Form
Bottom of Form