झूठ, जातिवाद और बौखलाहट की राजनीति कर रहे अखिलेश, उनके बयान कुंठा से भरे- स्वतंत्र देव

लखनऊ। यूपी के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वह मानसिक संतुलन खो चुके हैं और अब झूठ, जातिवाद और भ्रम के सहारे राजनीति में प्रासंगिकता खोज रहे हैं। उन्होंने कहा कि आठ साल बीतने के बाद भी अखिलेश जनादेश को स्वीकार नहीं कर पा रहे, इसलिए कुंठा से भरे बयान दे रहे हैं।

Jun 29, 2025 - 10:33
Jun 29, 2025 - 10:35
 0
झूठ, जातिवाद और बौखलाहट की राजनीति कर रहे अखिलेश, उनके बयान कुंठा से भरे- स्वतंत्र देव

गोरखपुर के विकास पर सपा की चिढ़
स्वतंत्र देव ने गोरखपुर विरासत कॉरिडोर पर उठे सवालों को दुर्भावनापूर्ण बताया और कहा कि गोरखपुर अब माफियाओं का नहीं, सांस्कृतिक नवजागरण और विकास का प्रतीक है। एम्स, फर्टिलाइज़र, रामगढ़ताल, लिंक एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाएं पूर्वांचल को नई पहचान दे रही हैं।

खाली प्लॉट हमारा है’ वाले आज पढ़ा रहे नैतिकता
उन्होंने कहा कि सपा का नारा था ‘खाली प्लॉट हमारा है’ और जमीन कब्जा कराने वाली पार्टी आज अधिग्रहण पर नैतिकता का पाठ पढ़ा रही है। योगी सरकार ने 68 हजार करोड़ रुपये की जमीनें अवैध कब्जे से मुक्त कराकर ऐतिहासिक कार्य किया है।

मेट्रो, मुआवज़ा और कानून-व्यवस्था पर सपा को घेरा
मेट्रो पर सवाल उठाने वालों को अपने कार्यकाल का आईना देखने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि जिनके समय में मेट्रो ट्रॉली भी नहीं चली, वे आज डीपीआर पर सवाल कर रहे हैं। गोरखपुर व झांसी मेट्रो की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है।

अखिलेश को कानून-व्यवस्था पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं
मंत्री ने कहा कि सपा के राज में दंगे, बलात्कार और अपराध चरम पर थे, जबकि योगी सरकार में अपराधियों को सज़ा और पीड़ितों को न्याय मिल रहा है।

जातिवादी राजनीति का पर्दाफाश
आरक्षण पर सपा की नीति को एक जाति विशेष तक सीमित बताते हुए उन्होंने कहा कि ओबीसी और एससी-एसटी वर्ग के साथ भेदभाव सपा की पहचान रही है। ‘क्रीमी लेयर’ पर उनकी चुप्पी उनकी जातिवादी सोच को उजागर करती है।

लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान
चुनाव आयोग और न्यायपालिका पर सवाल उठाने की आदत को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा और कहा कि वे लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करना भूल चुके हैं।

SP_Singh AURGURU Editor