वृंदावन में 8.5 करोड़ की लागत से बनेगा अक्रूरजी स्मृति भवन: वार्ष्णेय समाज ने नींव पूजन करने के बाद लिया दो साल में तैयार करने का संकल्प
आगरा/वृंदावन। धार्मिक नगरी वृंदावन में वार्ष्णेय समाज के लिए एक ऐतिहासिक पहल की नींव रखी गई है। श्री अक्रूरजी चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 8.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले श्री अक्रूरजी स्मृति भवन का विधिवत नींव पूजन और शिलान्यास समारोह अक्रूर धाम रोड, वात्सल्य ग्राम के सामने हुआ। यह भवन न केवल आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख स्थल भी होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अलीगढ़ के पूर्व मेयर आशुतोष वार्ष्णेय, चेयरमैन सासनी राजीव वार्ष्णेय और आरके गुप्ता ने आचार्य अभिनव शर्मा के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था और सामाजिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार गुप्ता ‘तूफान’ ने बताया कि भवन की रजिस्ट्री पूर्व में ही संपन्न हो चुकी है और इसका मानचित्र मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण से स्वीकृत है। इस स्मृति भवन में भगवान अक्रूरजी की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी।
राष्ट्रीय महामंत्री नेमी चंद वार्ष्णेय ने जानकारी दी कि 550 वर्ग गज क्षेत्रफल में बनने वाले इस भवन का निर्माण आगामी दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भवन में 44 वातानुकूलित कमरे, रेस्टोरेंट, आधुनिक किचन और एक विशाल हॉल का निर्माण किया जाएगा, जिससे देशभर के वार्ष्णेय समाज के लोग अपने मांगलिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आसानी से संपन्न कर सकेंगे।
कोषाध्यक्ष मनोज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि समारोह के दौरान समाजसेवियों ने निर्माण कार्य में सहयोग के लिए खुलकर घोषणा की। वरिष्ठ नागरिकों के लिए 11 लाख रुपये की लागत से एक विशेष कक्ष बनाने की घोषणा डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय ने की। वहीं 5 लाख रुपये की लागत वाले कक्षों के निर्माण हेतु नन्नूमल गुप्ता, कपिल कुमार, एच.एस. वार्ष्णेय, ई. दिनेश वार्ष्णेय, राजेश्वरी अत्रि और चंद्रकला अत्रि ने सहयोग की घोषणा की।
इस अवसर पर गिरीश गुप्ता, मनोज कुमार वार्ष्णेय, प्रेमचंद वार्ष्णेय, ई. तपेंद्र कुमार गुप्ता, महेश वार्ष्णेय, योगेश कुमार वार्ष्णेय, कुंजबिहारी गुप्ता, मुनेश कुमार गुप्ता, भुवनेश कुमार वार्ष्णेय, अनिल कुमार वार्ष्णेय, जयकिशन गुप्ता, जेएम अत्री, एसके वार्ष्णेय, अनिता गुप्ता, मधु गुप्ता, वंदना गुप्ता, शारदा गुप्ता, डिंपल गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।