इलाहाबाद विश्वविद्यालय पूर्व छात्र परिषद की आगरा में सामान्य सभा, नई टीम के साथ बड़े संकल्प

आगरा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों की एकजुटता, संगठन शक्ति और सांस्कृतिक ऊर्जा का भव्य प्रदर्शन उस समय देखने को मिला जब इलाहाबाद विश्वविद्यालय पूर्व छात्र परिषद, आगरा इकाई की वार्षिक सामान्य सभा  पश्चिमपुरी स्थित शिव पैलेस सभागार में अत्यंत उत्साह, गरिमा और सहभागिता के साथ सम्पन्न हुई। बैठक में न केवल नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन हुआ, बल्कि पूर्व छात्रों ने अपने विश्वविद्यालयीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया।

Mar 30, 2026 - 18:31
 0
इलाहाबाद विश्वविद्यालय पूर्व छात्र परिषद की आगरा में सामान्य सभा, नई टीम के साथ बड़े संकल्प
इलाहाबाद विवि पूर्व छात्र परिषद की आगरा इकाई के गठन के दौरान मंच पर मौजूद प्रमुख शिक्षकगण।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. एस. एम. मिश्रा ने की, जबकि संचालन आगरा कॉलेज के प्राध्यापक प्रो. शशिकांत पांडेय ने किया। शुरुआत परिचय सत्र से हुई, जिसमें पूर्व छात्रों ने अपने छात्र जीवन की यादों को साझा कर भावनात्मक वातावरण बना दिया। परिवारजनों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी आत्मीय बना दिया।

औपचारिक सत्र में निवर्तमान महासचिव प्रो. संतोष कुमार सिंह ने वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। वहीं कोषाध्यक्ष डॉ. बलराम कांत ने संस्था की वित्तीय स्थिति को पारदर्शी ढंग से सभा के समक्ष रखा, जिसे सदस्यों ने सराहा।

नई कार्यकारिणी का गठन: सर्वसम्मति से चुनी गई टीम

चुनाव प्रक्रिया का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता ज्ञानेश चतुर्वेदी और प्रो. लव कुश मिश्रा ने निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराया। सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन हुआ। अध्यक्ष – डॉ. यदुवीर सिंह चौहान, उपाध्यक्ष – प्रो. शशिकांत पांडेय, महासचिव – सी. पी. गुप्ता, कोषाध्यक्ष – डॉ. बलराम कांत, संयुक्त सचिव – मनोज कुमार दिवाकर, सांस्कृतिक सचिव – प्रो. उमाकांत चौबे, मीडिया सचिव – डॉ. डी. एन. राय और खेल सचिव – डॉ. अनूप सिंह चुने गये।

संरक्षक मंडल में श्री गोपाल कुलश्रेष्ठ, श्री ज्ञानेश चतुर्वेदी, श्री हरिओम सिंह, प्रो. एस. एम. मिश्रा और प्रो. शुभी माथुर को शामिल किया गया।

भविष्य की योजनाओं पर जोर, मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. यदुवीर सिंह चौहान (पूर्व प्राचार्य, आर.बी.एस. कॉलेज) ने अपने संबोधन में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में विश्वविद्यालय के ध्येय वाक्य- जितनी शाखाएं, उतने वृक्ष  को आत्मसात करते हुए शैक्षिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को विस्तार देने के प्रस्ताव पारित किए गए।

सांस्कृतिक संध्या में झलकी प्रतिभा और आत्मीयता

औपचारिक सत्र के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। प्रो. शुभी माथुर ने मधुर गीतों से वातावरण को संगीतमय बना दिया, जबकि एआरटीओ श्री एस. के. मिश्रा और सेवानिवृत्त जिला जज श्री गोपाल कुलश्रेष्ठ ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

महासचिव सी. पी. गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी के युगल गीत ने विशेष सराहना बटोरी। प्रो. शशिकांत पांडेय, श्री हरिओम सिंह और श्री डी. सी. मिश्रा ने अपनी सहधर्मिणियों के साथ प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम में डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. बृजेंद्र मिश्रा, डॉ. नागेंद्र मिश्रा, डॉ. गौरव सिंह, अधिवक्ता अरविंद सोनी, लालजी यादव, अनिल सत्संगी, डॉ. शालिनी मिश्रा सहित अनेक प्रतिष्ठित पूर्व छात्र उपस्थित रहे।

अंत में स्नेहपूर्ण वातावरण में रात्रि भोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जहां पुराने रिश्तों की गर्माहट और नए संकल्पों की ऊर्जा साफ महसूस की गई।

SP_Singh AURGURU Editor