आंबेडकर विवि में शोध छात्रा के शोषण का मामलाः कुलपति ने प्रो. गौतम जैसवार को किया निलंबित

आगरा। डॊ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति ने रसायन विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर गौतम जैसवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। कुलपति प्रो. आशू रानी ने यह कार्रवाई शोध छात्रा द्वारा प्रोफेसर पर लगाये गये दुष्कर्म के आरोपों के चलते की है। 

Oct 28, 2025 - 20:47
 0
आंबेडकर विवि में शोध छात्रा के शोषण का मामलाः कुलपति ने प्रो. गौतम जैसवार को किया निलंबित
प्रो. गौतम जैसवार, जिन्हें शोध छात्रा के आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया है।

कुलपति ने शोध छात्रा द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने की जानकारी होने के बाद संबंधित प्रकरण पर स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले को आंतरिक शिकायत समिति (इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी– आईसीसी ) को जांच के लिए भेजा था। आईसीसी द्वारा प्रस्तुत प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन में आए तथ्यों के आधार पर कुलपति ने प्रो. गौतम जेसवार को अग्रिम आदेश तक निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय न्यायसंगत, पारदर्शी और नियमानुसार प्रक्रिया के तहत लिया गया है, ताकि जांच स्वतंत्र रूप से पूरी की जा सके।

यूजीसी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जारी रहेगी जांच

विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) अब इस मामले की विस्तृत जांच करेगी। यह जांच विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के दिशा-निर्देशों तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के प्रति लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 के प्रावधानों के अनुरूप सतत रूप से जारी रहेगी।

कुलपति ने कार्रवाई से दिया सख्त संदेश

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय इस सिद्धांत पर दृढ़ता से कायम है कि प्रत्येक छात्रा को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अनुचित व्यवहार के लिए विश्वविद्यालय में कोई स्थान नहीं है। हर छात्रा को सम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।

विश्वविद्यालय ने दोहराई अपनी प्रतिबद्धता

विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस प्रकरण को पूरी निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ निपटाया जाएगा। साथ ही यह कार्रवाई विश्वविद्यालय की उस नीति का प्रतीक है जिसके अंतर्गत किसी भी प्रकार के लैंगिक उत्पीड़न या असंवेदनशील व्यवहार के प्रति शून्य सहनशीलता (जीरो टॉलरेंस) अपनाई जाती है।

SP_Singh AURGURU Editor