संसद में अमित शाह का पाकिस्तान और कांग्रेस पर प्रचंड प्रहार, पाकिस्तान को क्लीन चिट मत दो

आगरा। लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद सेना द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई पर चर्चा के दौरान कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू से लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी तक को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सोनिया गांधी बाटला हाउस एनकाउंटर में मारे गये आतंकियों के आंसू बहाती हैं तो आज पी चिदंबरम कह रहे हैं कि क्या सबूत है कि पहलगाम हमले के आतंकवादी पाकिस्तान से ही आए थे। उन्होंने सीधे तौर पर राहुल गांधी से सवाल पूछा कि आखिर पाकिस्तान को क्लीन चिट देने की इतनी बेचैनी क्यों है? क्या आपको आतंकियों पर कार्रवाई से दुख हो रहा है?

Jul 29, 2025 - 14:04
 0
संसद में अमित शाह का पाकिस्तान और कांग्रेस पर प्रचंड प्रहार, पाकिस्तान को क्लीन चिट मत दो

ऒपरेशन सिंदूर को लेकर लोकसभा में चल रही बहस में बोलते हुए गृह मंत्री अमित शाह का बयान पूरी तरह से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद और विपक्ष की भूमिका पर केन्द्रित रहा। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर आरोप लगाया कि वे आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को क्लीन चिट देने का प्रयास कर रहे हैं।

शाह ने चिदंबरम के उस बयान का ज़िक्र किया जिसमें उन्होंने सबूत मांगे थे कि आतंकी पाकिस्तान से आए थे। जवाब में शाह ने कहा- हमारे पास सबूत हैं। वोटर आईडी, पाकिस्तान में बनी चॉकलेट और आतंकियों के शवों की पहचान। फिर भी आप पूछते हैं सबूत क्या हैं? इसका मतलब है कि आप पाकिस्तान को बचाना चाहते हैं। पोटा कानून की समाप्ति के साथ ही कई अन्य मुद्दों पर उन्होंने राहुल गांधी को जवाब देने की चुनौती भी दी। 

पहलगाम हमले पर हृदयविदारक चित्रण, भावुक हुए शाह

गृह मंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले की विभीषिका का उल्लेख करते हुए बताया कि आतंकियों ने धर्म पूछकर निर्दोषों की हत्या की। शाह ने कहा- मैंने अपनी आंखों से एक बेटी को देखा जिसकी शादी को 6 दिन ही हुए थे और वह विधवा हो चुकी थी। उस दृश्य को मैं कभी नहीं भूल सकता।

ऑपरेशन सिंदूर: 22 मिनट में 9 आतंकी कैंप तबाह

अमित शाह ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 7 मई को सुबह 1:04 से 1:24 तक चले इस ऑपरेशन में भारत की सेनाओं ने पाकिस्तान के भीतर 100 किलोमीटर घुसकर 9 आतंकी कैंप तबाह कर दिए। उन्होंने कहा- ये हमारी सरकार है। 22 मिनट का ऑपरेशन, 9 कैंप नेस्तनाबूत। एक भी नागरिक नहीं मारा गया।

ऑपरेशन महादेव: पहलगाम हमले के तीनों आतंकी ढेर

गृह मंत्री ने बताया कि पहलगाम और गगन टॉप आतंकी हमलों में शामिल तीनों आतंकी सुलेमान (एलईटी कमांडर), जिब्रान आदि को ऑपरेशन महादेव में ढेर कर दिया गया। उन्होंने कहा- पहलगाम हमले के दोषियों को चुन-चुन कर मारा गया। सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई पर पूरे देश को गर्व होना चाहिए।

जांच में मिले सबूत: मददगारों ने की मृत आतंकियों की पहचान

शाह ने बताया कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था जिन्होंने आतंकियों को खाना और आश्रय दिया था। उन्होंने कहा- शवों की पहचान इन्हीं चार मददगारों ने की और एफएसएल रिपोर्ट में हथियारों की जांच में भी पुष्टि हो गई कि यही तीनों आतंकी थे।

हुर्रियत से बातचीत खत्म, अब युवाओं से संवाद

शाह ने पूर्व सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि एक दौर था जब हुर्रियत नेताओं के लिए रेड कारपेट बिछाया जाता था। अब हम हुर्रियत को आतंकियों का आउटफिट मानते हैं। हम घाटी के युवाओं से बात करेंगे, हुर्रियत से नहीं।

पिछली सरकारों की 1960 से 1971 तक की ऐतिहासिक भूलों का उल्लेख

गृह मंत्री ने कांग्रेस पर ऐतिहासिक निर्णयों को लेकर भी सवाल उठाया- जैसे सिंधु जल संधि, हाजी पीर का लौटाना, और 1971 में 15,000 वर्ग किलोमीटर ज़मीन वापस करना। शाह ने कहा कि पीओके आज जो है तो उसकी ज़िम्मेदारी पंडित नेहरू की है, जिन्होंने 1948 में युद्ध रोक दिया।

आंकड़ों में सशक्त राष्ट्र सुरक्षा नीति का दावा

गृह मंत्री ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के आपरेशन में कांग्रेस और भाजपा सरकारों की तुलना करते हुए कहा कि 2004-14: 1060 के बीच जवान शहीद हुए जबकि  2015-25: तक 542 जवान शहीद हुए। आतंकवादियों का सफाये में 123% बढ़ोतरी हुई। संगठित पत्थरबाजी घटनाएं शून्य हो चुकी हैं। आतंकी घटनाएं (2014-2025): देश के अन्य हिस्सों में एक भी नहीं हुई।

कांग्रेस से जवाब मांगाः राहुल और सोनिया पर सीधा निशाना

गृह मंत्री ने कहा कि आपके शासन में जो छुप गए थे, उन्हें हमारी सेना ने चुन-चुन कर मारा है। सोनिया जी बटला हाउस के आतंकी के लिए रोती हैं, शहीद मनोज के लिए नहीं। राहुल गांधी पाकिस्तान को रिपोर्ट भेजते हैं, जवाब देश को क्यों नहीं देते?

ये मोदी सरकार है: अमित शाह का स्पष्ट संदेश

शाह ने अंत में दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'जीरो टॉलरेंस' नीति आतंकवाद के खिलाफ पूरी मजबूती से जारी रहेगी। उन्होंने विपक्ष को ललकारते हुए कहा कि अब जवाब मत मांगिए, जवाब मिल चुका है। अगर आप गर्व नहीं कर सकते, तो चुप तो रहिए।

SP_Singh AURGURU Editor