राजामंडी के दुकानदारों का फूटा गुस्सा : पटटा निरस्त होने पर भी वसूली के खिलाफ मोर्चा

आगरा। आगरा के राजा की मंडी स्थित लाभचंद मार्केट में नगर निगम द्वारा 5 अप्रैल 2025 को पट्टा निरस्त कर दिए जाने के बावजूद पूर्व पट्टाधारकों द्वारा दुकानदारों से अवैध वसूली किए जाने के खिलाफ व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। दुकानदारों ने इसे फ्रॊड, धोखाधड़ी बताते हुए लाभचंद मार्केट व्यापार समिति के बैनर तले बैठक कर कड़ा विरोध दर्ज कराया और सरकार से रिसीवर नियुक्त कर कार्रवाई की मांग उठाई।

Aug 27, 2025 - 19:36
 0
राजामंडी के दुकानदारों का फूटा गुस्सा : पटटा निरस्त होने पर भी वसूली के खिलाफ मोर्चा
नगर निगम द्वारा पट्टा निरस्त किए जाने के बावजूद पूर्व पट्टाधारकों द्वारा वसूली किए जाने को लेकर विरोध दर्ज कराते राजामंडी के दुकानदार।

लाभचंद मार्केट व्यापार समिति की बैठक

इस मनमानी के विरोध में दुकानदारों ने लाभचंद मार्केट व्यापार समिति के बैनर तले संजय प्लेस में बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अशोक जसवानी ने कहा कि सड़क पर बनी दुकानों, फुटपाथ पर खड़े अवैध पिलर और पब्लिक पार्क पर हुए कब्जे को तत्काल हटाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि 6 अप्रैल 2010 को मात्र 27 रुपये सालाना किराये पर दिया गया पट्टा सीधे राजस्व को क्षति पहुंचाने वाला था। अब राज्य सरकार पूर्ण मालिक है, इसलिए अवैध किराये की वसूली पूरी तरह गैरकानूनी है।

रिसीवर नियुक्त करने की मांग

जसवानी ने प्रशासन से मांग की कि लाभचंद मार्केट, राजा की मंडी की सभी दुकानों और निर्माणों पर न्यायसंगत रिसीवर नियुक्त किया जाए। दुकानदारों का पुनर्वास जिलाधिकारी द्वारा सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन न हो।

अवैध होटल और पिलर भी विवादित

महामंत्री नरेंद्र अमरनानी ने बताया कि जिन दुकानों से किराया वसूला जा रहा है उनमें पब्लिक पार्क, फुटपाथ पर बने पिलर और उन्हीं पिलरों पर खड़े तीन होटल भी शामिल हैं। यह पूरी तरह अवैध निर्माण है। नगर निगम और एडीएम की लापरवाही के चलते दुकानदार ठगी और वसूली का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 21 के तहत दुकानदारों का पुनर्वास सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

बैठक में ये व्यापारी मौजूद रहे

इस बैठक में शिवेंद्र मंगल, मोतीलाल, शुभम अग्रवाल, चंद्र प्रकाश, प्रवीण, अजय, अशोक, जगदीश, राज, सोनू, संजय, रमेश, भूपेन्द्र, आनंद, विनोद, राकेश आदि व्यापारी शामिल हुए और सर्वसम्मति से कठोर कार्रवाई की मांग की।

SP_Singh AURGURU Editor