इश्क बना कातिल, आगरा के होटल में प्रेमिका ने की हथौड़े से प्रेमी की हत्या, कमरे में बैठी मिली आरोपी

आगरा के इटौरा क्षेत्र में एक होटल के कमरे में प्रेमिका द्वारा प्रेमी की हथौड़े से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विवाद के बाद युवती ने युवक पर हमला कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Apr 17, 2026 - 14:27
 0
इश्क बना कातिल, आगरा के होटल में प्रेमिका ने की हथौड़े से प्रेमी की हत्या, कमरे में बैठी मिली आरोपी
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस।

आगरा। आगरा के इटौरा थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेमिका ने अपने ही प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि युवती ने हथौड़े से वार कर प्रेमी का सिर फोड़ दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग इस खौफनाक वारदात से सन्न रह गए।

यह वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। इटौरा क्षेत्र स्थित होटल ताजपथ के एक कमरे में युवक का शव मिला। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि प्रेमिका शव के पास ही बैठी मिली। कमरे के अंदर का मंजर बेहद भयावह था।

शोर-शराबा सुनकर पहुंचे होटल संचालक

बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर प्रेमी-प्रेमिका के बीच विवाद हो गया था, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। कमरे से आ रहे शोर-शराबे को सुनकर होटल संचालक मौके पर पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने आरोपी प्रेमिका को लिया हिरासत में

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। आरोपी प्रेमिका को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

रिश्ते, विवाद और हत्या, हर एंगल से जांच

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह खौफनाक कदम उठाया गया। पुलिस अब दोनों के रिश्ते, होटल में आने की वजह और घटना से पहले की परिस्थितियों की गहराई से जांच कर रही है।