मौलाना तौकीर रजा के एक और करीबी पर चला कानून का बुलडोजर, अवैध मैरिज हाल ध्वस्त, बरेली उपद्रव से पहले इसी मैरिज होम में एक बैठक हुई थी

-रमेश कुमार सिंह-  बरेली। जिले में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा संदेश देते हुए सख्त कार्रवाई की है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने मंगलवार को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी गांव में स्थित एक अवैध बरात घर पर बुलडोजर चला दिया। यह मैरिज हाल मौलाना तौकीर रजा के करीबी वाजिद बेग का बताया जा रहा है।

Dec 23, 2025 - 21:46
 0
मौलाना तौकीर रजा के एक और करीबी पर चला कानून का बुलडोजर, अवैध मैरिज हाल ध्वस्त, बरेली उपद्रव से पहले इसी मैरिज होम में एक बैठक हुई थी
फरीदापुर चौधरी गांव में अवैध मैरिज हाल पर बुलडोजर चलाती बरेली विकास प्राधिकरण की टीम, मौके पर तैनात भारी पुलिस बल।

बीडीए की यह कार्रवाई उ0प्र0 नगर योजना एवं विकास अधिनियम–1973 के प्रावधानों के तहत नियमित प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत की गई। प्राधिकरण द्वारा पहले ही इस अवैध निर्माण को चिन्हित कर नोटिस जारी किया गया था। आदेशों की अवहेलना के चलते पहले बरात घर को सील किया गया और अंततः ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

बिना नक्शा, बिना अनुमति निर्माण, इसलिए टूटा अवैध ढांचा

बरेली विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि ग्राम फरीदापुर चौधरी, सिकलापुर रोड पर वाजिद बेग द्वारा बिना किसी स्वीकृत मानचित्र और अनुमति के बरात घर का निर्माण कराया गया था। इस संबंध में वाद संख्या बीडीए/जेड-2/एएनआई/2025/0001704 (जोन-02, सेक्टर-02) योजित किया गया। संबंधित पक्ष को सुनवाई के लिए पर्याप्त अवसर देने के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए।

हिंसा कनेक्शन के बाद तेज हुई कार्रवाई

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार 25 सितंबर से पहले इसी मैरिज हाल में बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने के लिए बैठक आयोजित की गई थी। इसके बाद 26 सितंबर को शहर में हुई हिंसा के मामलों में कई लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए। प्रशासन का कहना है कि हिंसा के आरोपियों और उनसे जुड़े व्यक्तियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, चाहे मामला अवैध निर्माण का हो या कानून-व्यवस्था से जुड़ा।

भारी पुलिस बल तैनात रहा, इलाका सील कर दिया गया था

ध्वस्तीकरण के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात रहे। पूरे क्षेत्र को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया था। दिनभर चली इस कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा।

बीडीए अधिकारियों ने दो टूक कहा कि शहर में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां अवश्य प्राप्त करें।

कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता संदीप कुमार, अजीत साहनी, सीताराम, सुरेन्द्र द्विवेदी, सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, गजेन्द्र शर्मा, विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दीपक कुमार सहित प्रवर्तन टीम और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

SP_Singh AURGURU Editor