ट्रम्प के तंज पर एप्पल का जवाब: भारत में नहीं रुकेगा आईफोन का निर्माण

कतर। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प एक बार फिर अपने विवादास्पद बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। कतर में एक सम्मेलन के दौरान ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने एप्पल के सीईओ टिम कुक को सलाह दी है कि वे भारत में आईफोन का उत्पादन बंद करें। ट्रम्प के अनुसार, भारत अपना ख्याल खुद रख सकता है, हमें उनकी मदद की जरूरत नहीं। इस बयान को भारत विरोधी रुख के रूप में देखा जा रहा है और सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इसकी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

May 16, 2025 - 22:50
 0
ट्रम्प के तंज पर एप्पल का जवाब: भारत में नहीं रुकेगा आईफोन का निर्माण

ट्रम्प की टिप्पणी से हलचल
ट्रम्प के इस बयान से न सिर्फ राजनयिक हलकों में हलचल मची, बल्कि आर्थिक जगत में भी आशंकाओं का माहौल बन गया। भारत में एप्पल के उत्पादन से जुड़े हजारों लोगों की नौकरियों और देश में विदेशी निवेश की संभावनाओं पर सवाल खड़े होने लगे।
एप्पल का भरोसा: भारत में उत्पादन जारी रहेगा
हालांकि स्थिति को संभालते हुए एप्पल के सीईओ टिम कुक ने भारत सरकार को स्पष्ट आश्वासन दिया है कि कंपनी भारत में अपने उत्पादन को जारी रखेगी। कुक ने कहा, भारत हमारे लिए सिर्फ एक बाजार नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण निर्माण केंद्र है। यहां की प्रतिभा, इंफ्रास्ट्रक्चर और नीतिगत स्थिरता हमारे दीर्घकालिक विजन के अनुरूप है।
मेक इन इंडिया को मिला समर्थन
एप्पल पहले ही भारत में आईफोन 12, 13 और 15 सीरीज के कई मॉडल्स का निर्माण कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेक इन इंडिया नीति के तहत एप्पल ने भारत में अपने निवेश को कई गुना बढ़ाया है। जानकारों का मानना है कि ट्रम्प के बयान का एप्पल की रणनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।