आतिशी दिल्ली की नई सीएम, केजरीवाल ने चला बड़ा दांव
नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल की जगह अब आतिशी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। आम आदमी पार्टी की ओर से आज आतिशी के नाम का ऐलान कर दिया गया है। आज यहां हुई विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री ने विधायक दल के नेता के रूप में आतिशी मारलेना के नाम का प्रस्ताव किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया गया। इसके बाद दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के रूप में उनके नाम की घोषणा कर दी गई। आतिशी दिल्ली के कालका जी से पार्टी की विधायक हैं। वह इसी हफ्ते किसी दिन मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती हैं।
इससे पहले बताया गया कि अरिवंद केजरीवाल आज शाम उपराज्यपाल से मिलेंगे और उन्हें अपना इस्तीफा सौंप देंगे। जेल से रिहा होने के बाद दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। केजरीवाल ने कहा था कि वह मुख्यमंत्री का पद तभी संभालेंगे जब जनता की अदालत से निर्दोष साबित हो जाएंगे।
संकेत साफ था कि निकट भविष्य में होने वाले दिल्ली विधान सभा चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलता है तो सीएम की कुर्सी फिर से केजरीवाल ही संभालेंगे।
केजरीवाल के इस ऐलान के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि दिल्ली का नया मुख्यमंत्री कौन होगा? आज आतिशी के नाम की घोषणा के साथ इन अटकलों को विराम लग गया है।
दिल्ली को अलग राज्य का दर्जा मिलने के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इससे पहले सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित दिल्ली में मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाल चुकी हैं।
आतिशी को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठाकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं को एक बड़ा संदेश दिया है। उनकी कोशिश होगी कि निकट भविष्य में होने जा रहे दिल्ली के चुनाव में महिलाओं के अधिकाधिक वोट हासिल कर सकें।