यूक्रेन में व्यापारिक जहाज पर हमला: बरेली का बेटा दीपक गुप्ता लापता, परिवार चिंतित

-आरके सिंह- बरेली। यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर भारतीय क्रू मेंबर वाले व्यापारिक जहाज ‘एमवी एजीएन रैग्नर’ (MV AGN Ragnar) पर हुए हमले के बाद उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी एक युवक के लापता होने की खबर से परिवार और गांव में चिंता का माहौल है। जहाज पर सवार चार भारतीय क्रू सदस्यों में से दो के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है, जबकि दो अन्य अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता भारतीयों में बरेली के भरतौल गांव निवासी दीपक कुमार गुप्ता भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन लगातार अधिकारियों और कंपनी के संपर्क में हैं तथा उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Jul 27, 2026 - 19:47
 0
यूक्रेन में व्यापारिक जहाज पर हमला: बरेली का बेटा दीपक गुप्ता लापता, परिवार चिंतित
यूक्रेन में व्यापारिक जहाज पर हमले के बाद लापता हुए बरेली के दीपक गुप्ता के परिजन।

जानकारी के अनुसार, बिथरी चैनपुर विकास खंड के भरतौल गांव निवासी दीपक कुमार गुप्ता व्यापारिक जहाज ‘एमवी एजीएन रैग्नर’ पर क्रू मेंबर के रूप में कार्यरत थे। रविवार रात जहाज संचालित करने वाली कंपनी ने परिवार को फोन कर दीपक के लापता होने की सूचना दी। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

दीपक के बड़े भाई संजीव गुप्ता सोमवार सुबह कंपनी के दिल्ली स्थित कार्यालय के लिए रवाना हो गए, ताकि घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की जा सके और अधिकारियों से संपर्क कर सकें।

ग्राम प्रधान प्रवेश देवी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जहाज पर चार भारतीय क्रू सदस्य मौजूद थे। इनमें से दो सुरक्षित हैं, जबकि दो भारतीयों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। लापता लोगों में दीपक कुमार गुप्ता का नाम भी शामिल है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्राम प्रधान प्रवेश देवी और रीतराम पटेल ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से फोन पर संपर्क कर पूरे मामले से अवगत कराया। राज्यपाल ने आश्वासन दिया कि वह संबंधित अधिकारियों से बात कर हरसंभव सहयोग करेंगे और दीपक को सकुशल वापस लाने के प्रयास किए जाएंगे।

दीपक का परिवार मूल रूप से बिहार के सिवान जिले का निवासी है, लेकिन लंबे समय से बरेली के भरतौल गांव में रह रहा है। उनके पिता उद्धव कुमार गुप्ता भारतीय सेना में नायब सूबेदार रह चुके हैं और वर्तमान में सिवान पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात हैं।

उद्धव कुमार गुप्ता ने बताया कि कंपनी की ओर से उन्हें घटना की सूचना दी गई है, लेकिन अभी तक दीपक की स्थिति के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। परिवार लगातार कंपनी और संबंधित अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए है।

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध की आंच बरेली के भरतौल गांव तक पहुंच गई है. काला सागर में व्यापारिक जहाज एमवी एजीएन रैग्नर पर हुए हमले के बाद चालक दल के दो भारतीय सदस्य लापता हो गए हैं. इनमें बरेली के दीपक कुमार गुप्ता भी शामिल हैं। गांव में चिंता का माहौल है। परिजन सरकार से दीपक की सुरक्षित वापसी के लिए अपील कर रहे हैं। दीपक के पिता उद्धव कुमार गुप्ता ने बताया कि अभी तक हमें उसकी स्थिति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। परिवार लगातार भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है। ग्राम प्रधान चेतराम का कहना कि भरतौल में इस घटना के बाद से चिंता का माहौल है।Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor