बाबा महाकाल की पालकी और आमंत्रण यात्रा श्रद्धा और भव्यता के साथ निकली
आगरा। बाबा महाकाल की पालकी यात्रा एवं आमंत्रण यात्रा का प्रथम आयोजन शनिवार 19 जुलाई को रावतपाड़ा चौराहे स्थित मनःकामेश्वरनाथ महादेव मंदिर से सायं 4 बजे आरंभ हुआ। यात्रा की शुरुआत विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महंत योगेश पुरी जी ने बाबा महाकाल की आरती के साथ की।
श्रद्धा और उत्साह से सजी यात्रा
तीन भव्य झांकियां और बाबा महाकाल की पालकी यात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं। यह यात्रा रावतपाड़ा से प्रारंभ होकर जौहरी बाजार, चिम्मन चौराहा, दरेसी नंबर 1 और 2, छत्ता बाजार, कचहरी घाट, बेलनगंज चौराहा होते हुए पंजाब नेशनल बैंक तिकोना, नाहटा भवन पर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती कर बाबा का स्वागत किया। किशोर बैंड की मधुर धुनों ने यात्रा में भक्ति रस घोल दिया। मार्ग में पुष्पवर्षा और स्वागत द्वारों के बीच यात्रा ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया।
समापन पर महाआरती और भंडारा
समापन स्थल नाहटा भवन पर 108 दीपों से बाबा महाकाल की महाआरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।
आमंत्रण यात्रा में मण्डल के संस्थापक राजू भगत, दीपक खरे, पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिल खंडेलवाल, मीडिया प्रभारी आशीष जैन मोनू, कोषाध्यक्ष संजय बंसल सहित अनेक पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।