बाली शूटिंग चैंपियनशिपः आगरा की दिव्याता समेत भारत की तीन बेटियों ने जीते गोल्ड मेडल

आगरा। इंडोनेशिया के बाली में अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित हुई बाली ओपन एयर राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में भारत की तीन बेटियों ने स्वर्णिम इतिहास रच दिया। पहली बार इस खेल में भारत की टीम ने इंटरनेशनल लेवल पर गोल्ड मेडल जीते और देश का परचम लहराया।

Sep 1, 2025 - 11:50
 0
बाली शूटिंग चैंपियनशिपः आगरा की दिव्याता समेत भारत की तीन बेटियों ने जीते गोल्ड मेडल
बाली ओपन एयर राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की तीन बेटियां अपने सर्टिफिकेट दिखाते हुए। बीच में है आगरा की दिव्याता।

भारत की 9 सदस्यीय टीम का नेतृत्व रिम फायर एंड एयर राइफल्स बेंच रेस्ट शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने किया, जो कि वर्ल्ड रिम फायर एंड एयर राइफल बेंच रेस्ट शूटिंग फेडरेशन से एफिलिएटेड है।

इस प्रतियोगिता में भारत की तीन नन्हीं निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। ये हैं-

दिव्याना विज (आगरा) – 666/750 स्कोर।

सुखजीत कौर (पंजाब) – 673/750 स्कोर।

संजमजोत कौर (पंजाब) – 573/750 स्कोर।

तीनों ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया है।

आगरा की नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी निवासी दिव्याना विज सेंट पॉल स्कूल यूनिट-1 में कक्षा 7 की छात्रा है। उनके माता-पिता रजत विज और हिना विज स्वयं विश्वस्तरीय निशानेबाज रहे हैं। उन्होंने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उसकी मेहनत और लगन का परिणाम है। आने वाले वर्षों में दिव्याना विश्व स्तर पर भारत का नाम और भी ऊंचा करेगी।

बताया गया कि विगत छह माह से भारतीय टीम आगरा स्थित एनसीसी ग्राउंड पर अभ्यास कर रही थी। ब्रिगेडियर एनएस चारग, डिप्टी कमांडर पीके मिश्रा और कर्नल संजय यादव ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं स्थान उपलब्ध कराने में विशेष सहयोग दिया।

इस प्रतियोगिता में इंडोनेशिया के विभिन्न हिस्सों से 75 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जबकि भारत से तमिलनाडु, कर्नाटक, पंजाब और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी शामिल हुए। पहली बार भारत की टीम ने इस खेल में इंटरनेशनल लेवल पर मेडल जीतकर नया इतिहास रचा।

संघ के पदाधिकारियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भारतीय निशानेबाज और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor