बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को लिखा पत्र, भारत में टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेलेगी टीम
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को एक पत्र लिखा है कि उनकी टीम भारत में वर्ल्ड कप नहीं खेलेगी। बीसीबी ने भारत में होने वाले अपने सभी मैच स्थानांतरित करने की मांग की है।
नई दिल्ली। 2026 टी20 विश्व कप से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने भारत में होने वाले अपने सभी मैच स्थानांतरित करने की मांग की है। बीसीबी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से यह अनुरोध बांग्लादेशी खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के कारण किया है। बीसीबी के अनुसार, भारत में मौजूदा हालात को देखते हुए और बांग्लादेश सरकार की सलाह पर बोर्ड ने फैसला किया है कि टीम फिलहाल भारत में खेलने नहीं जाएगी।
बीसीबी का मानना है कि यह कदम खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों, बोर्ड सदस्यों और अन्य हितधारकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। वे चाहते हैं कि टीम एक सुरक्षित माहौल में टूर्नामेंट में हिस्सा ले सके। बीसीबी को उम्मीद है कि आईसीसी इस स्थिति को समझेगा और इस मामले पर जल्द से जल्द जवाब देगा।
बांग्लादेश को ग्रुप सी के तीन मैच कोलकाता में खेलने हैं। इनमें वेस्टइंडीज (7 फरवरी), इटली (9 फरवरी) और इंग्लैंड (14 फरवरी) के खिलाफ मैच शामिल हैं। वहीं, नेपाल के खिलाफ चौथा मैच मुंबई में (17 फरवरी) होना तय है। आईसीसी की ओर से इस पर प्रतिक्रिया का इंतजार है।
इस बीच, बीसीबी ने एक और बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल खेलने के लिए दिया गया अनापत्ति प्रमाण पत्र तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। यह फैसला बीसीबी अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों की एक बैठक में लिया गया। इसका मतलब है कि अगर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) अपनी तरफ से उन्हें खेलने की अनुमति भी दे, तो भी बीसीबी सुरक्षा कारणों से मुस्तफिजुर को आईपीएल में खेलने की इजाजत नहीं देगा।