बरेली में दंबगों ने दलित का सिर मुंडवाकर की सार्वजनिक बेइज्जती, मूंछ-भौंह भी काटी, तीन हिरासत में
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति के साथ अमानवीय कृत्य का मामला सामने आया है। आरोप है कि उधारी के रुपये मांगने पर पीड़ित के साथ न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए सिर मुंडवा दिया गया, मूंछ और भौंह के बाल काट दिए गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और चार-पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नवाबगंज को सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) मुकेश चंद्र मिश्रा ने रविवार सायं जानकारी देते हुए बताया कि 45 वर्षीय पप्पू दिवाकर, निवासी ग्राम गुरसौली, थाना बहेड़ी, जिला बरेली, पिछले तीन महीनों से अपने परिचित चन्द्रसेन, निवासी ग्राम गेला टांडा, थाना नवाबगंज, जिला बरेली के यहां रह रहा था। चन्द्रसेन ने पप्पू दिवाकर से 4,50,000 रुपये ट्रैक्टर खरीदने के लिए उधार लिए थे।
एक माह पूर्व रुपये वापस मांगने पर चन्द्रसेन ने देने से इंकार कर दिया। आरोप है कि लगातार तकादा करने पर चन्द्रसेन, गोधन और गोधन का भाई अपने 4–5 अज्ञात साथियों के साथ मिलकर पप्पू दिवाकर को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया, गाली-गलौज की, मारपीट की और यह कहते हुए कि रुपये नहीं मिलेंगे, उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया, जिसमें सिर मुंडवाना, मूंछ और भौंह के बाल काटना शामिल है।
पीड़ित पप्पू दिवाकर की तहरीर पर नवाबगंज थाने में शनिवार रात मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 316(2), 352, 115(2), 351(3) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम, 1989 (संशोधन 2015) की धारा 3(1)(द) एवं 3(1)(घ) के तहत कार्रवाई की गई है।
एसपी (उत्तरी) ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों नामजद आरोपियों को रविवार को हिरासत में ले लिया है। पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।