बरेली पुलिस का एक्शन: आठ मादक गिरोहों पर गैंगस्टर एक्ट, 68 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त
-आरके सिंह- बरेली। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और जघन्य अपराधों में संलिप्त आठ गिरोहों के 31 अपराधियों को पुलिस ने गैंग पंजीकरण कर सतर्क निगरानी में लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के अनुसार इन गिरोहों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसके साथ ही पिछले आठ महीनों में बरेली पुलिस ने 540 अभियोगों में 7,548.5 किग्रा मादक पदार्थ जब्त कर नष्ट किये, जिनकी अनुमानित कीमत 68 करोड़ 68 लाख 53 हजार 470 रुपये है। यह कदम जनपद को नशामुक्त करने और भारत सरकार के नशामुक्त भारत अभियान को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई है।
इसी क्रम में पुलिस ने जिले में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ तस्करी और हत्या जैसे जघन्य अपराधों में संलिप्त अपराधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए आठ गिरोहों का गैंग पंजीकरण किया। इन गिरोहों में शहादत खां, राहुल, महावीर, राजेन्द्रपाल, मोनिश, अखिल विश्वकर्मा, नौबत यादव और असगर अली उर्फ़ गुड्डू शामिल हैं, जिनके साथ कुल 31 अन्य आरोपी भी शामिल हैं।
इन गिरोहों की आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और निगरानी के लिए इन सभी को जनपद स्तर पर गैंग पंजीकरण संख्या डी-251/2025 से डी-258/2025 तक पंजीकृत किया गया। जिन अभियुक्तों के विरुद्ध दो या अधिक अभियोग दर्ज हैं, उनकी हिस्ट्रीशीट भी तैयार की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक बरेली पुलिस ने 22 जनवरी से 16 सितंबर तक कुल 540 अभियोगों में 7,548.5 किग्रा मादक पदार्थ जब्त कर नष्ट किए। इनमें 3764.739 किग्रा जनवरी में, 20 किग्रा अप्रैल में, 24.415 किग्रा जुलाई में और 3,739.345 किग्रा सितंबर में शामिल हैं। कुल अनुमानित मूल्य 68 करोड़ 68 लाख 53 हजार 470 रुपये है।
अनुराग आर्य ने कहा, यह कार्रवाई जनपद को नशामुक्त करने की दिशा में सशक्त कदम है और इससे भारत सरकार के 'नशामुक्त भारत' के संकल्प को मजबूती मिली है।