बीसी राय ट्रॉफी: हिमाचल को 6-0 से हराकर उत्तर प्रदेश सेमीफाइनल में, मथुरा के तनुज ने दिखाया दम

बालाघाट (मध्य प्रदेश)। अखिल भारतीय बीसी राय ट्रॉफी अंडर-16 फुटबॉल टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश की टीम ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सेमीफाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार सुबह हुए मुकाबले में यूपी की टीम ने हिमाचल प्रदेश को 6-0 से रौंद कर धमाकेदार जीत दर्ज की। टूर्नामेंट में यह उत्तर प्रदेश की लगातार तीसरी जीत है, जिससे वह अब तक अजेय बनी हुई है।

Jul 30, 2025 - 17:42
 0
बीसी राय ट्रॉफी: हिमाचल को 6-0 से हराकर उत्तर प्रदेश सेमीफाइनल में, मथुरा के तनुज ने दिखाया दम

कार्तिक, भुवन, सलमान और तनुज ने दिखाया खेल कौशल

हिमाचल के खिलाफ इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश के कार्तिक और भुवन जोशी ने दो-दो गोल दागे, जबकि सलमान और मथुरा जनपद के युवा फुटबॉलर तनुज ने एक-एक गोल करते हुए टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। यूपी की टीम ने प्रतिद्वंद्वी टीम को एक भी गोल करने का अवसर नहीं दिया, जिससे मैच पूरी तरह एकतरफा बन गया।

अब सेमीफाइनल में भिड़ेगा यूपी और मप्र

इस जीत के साथ उत्तर प्रदेश की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका मुकाबला 3 अगस्त को मेजबान मध्यप्रदेश से होगा। फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह रोमांचक भिड़ंत होने की पूरी संभावना है।

अंडमान को 18-0 और त्रिपुरा को 5-1 से हराया

इससे पहले उत्तर प्रदेश की टीम ने अपने पहले मैच में त्रिपुरा को 5-1 से हराया था। इसके बाद सोमवार को खेले गए दूसरे मैच में अंडमान निकोबार की टीम को 18-0 के बड़े अंतर से परास्त किया। इन दोनों मुकाबलों में यूपी के खिलाड़ियों ने जिस तरह का आक्रामक खेल दिखाया, वह सराहनीय है।

कोच और मैनेजमेंट की मेहनत रंग लाई

टीम की इस शानदार उपलब्धि में कोच इरफान जमां और रामचंद्र की रणनीति और प्रशिक्षण का अहम योगदान रहा है। टीम मैनेजर के रूप में सुल्तानपुर के एम एस बेग खिलाड़ियों के साथ कदम से कदम मिलाकर सहयोग कर रहे हैं। लगातार तीन बड़ी जीत से कोच और प्रबंधक दोनों बेहद उत्साहित हैं।

सेमीफाइनल से पहले आत्मविश्वास से लबरेज है टीम

लगातार तिहरी जीत और गोलों की झड़ी ने टीम का मनोबल बढ़ा दिया है। अब सेमीफाइनल से पहले उत्तर प्रदेश की टीम आत्मविश्वास से लबरेज है और उम्मीद की जा रही है कि वह ट्रॉफी जीतने की दिशा में एक और अहम कदम उठाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor