नववर्ष से पहले बरेली में आला अधिकारियों ने देर रात सड़कों पर उतरकर किया पैदल मार्च

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। 26 सितंबर को शहर में हुए उपद्रव और नववर्ष–2026 के स्वागत से पहले बरेली में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार देर रात प्रशासन और पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने अचानक दल-बल के साथ पैदल गश्त की। अचानक हुई इस सख्त कार्रवाई से कई संवेदनशील मोहल्लों में हलचल मच गई और लोग स्वयं ही घरों में सिमटते नजर आए।

Dec 31, 2025 - 22:29
 0
नववर्ष से पहले बरेली में आला अधिकारियों ने देर रात सड़कों पर उतरकर किया पैदल मार्च
बुधवार की रात बरेली में सड़कों पर पैदल मार्च करते वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी।

कमिश्नर बरेली मंडल भूपेन्द्र एस. चौधरी, अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा के नेतृत्व में पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने थाना कोतवाली और सुभाषनगर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों तथा रेलवे जंक्शन पर पैदल मार्च किया।

गश्त के दौरान अधिकारियों ने आमजन, व्यापारियों और यात्रियों से सीधे संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही डॉग स्क्वॉड और एंटी-सबोटाज टीम की मदद से संदिग्ध व लावारिस वस्तुओं, वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच कराई गई।

वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्रीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नववर्ष के अवसर पर होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों और समारोहों में चाक-चौबंद पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहने और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।

पैदल गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अंशिका वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) मो. अकमल खान सहित अन्य राजपत्रित व अराजपत्रित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

बरेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नववर्ष का उत्सव शांति, सुरक्षा और अनुशासन के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या 112 पर दें।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor