सऊदी अरब दौरे से पहले बोले पीएम मोदी- एमबीएस भारत के सच्चे समर्थक, रिश्तों में अपार संभावनाएं
जेद्दा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आज सऊदी अरब के जेद्दा पहुंचने वाले हैं। यह उनकी सऊदी अरब की तीसरी यात्रा होगी, लेकिन पहली बार वह इस देश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले जेद्दा का दौरा करेंगे। इस यात्रा का विशेष महत्व है, क्योंकि यह सऊदी अरब के प्रधानमंत्री और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर हो रही है।
यात्रा से पहले पीएम मोदी ने सऊदी मीडिया हाउस अरब न्यूज को दिए इंटरव्यू में दोनों देशों के रिश्तों को भरोसेमंद दोस्ती और रणनीतिक साझेदारी बताया। उन्होंने कहा, हमारा संबंध सदियों पुराना है, जिसमें विचारों, संस्कृतियों और व्यापार का सतत आदान-प्रदान रहा है। यह तो बस शुरुआत है, हमारे सहयोग में अपार संभावनाएं हैं।
पीएम मोदी ने विशेष तौर पर जेद्दा शहर का जिक्र करते हुए कहा कि यह स्थान भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। जेद्दा हज और उमराह यात्रा का प्रवेश द्वार रहा है, और वर्षों से भारत-सऊदी रिश्तों का केंद्र भी।
रक्षा और व्यापार में बढ़ती साझेदारी
प्रधानमंत्री ने भारत और सऊदी अरब के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग पर भी चर्चा की। उन्होंने सऊदी को क्षेत्रीय स्थिरता का प्रमुख स्तंभ बताते हुए कहा कि भारत अब न सिर्फ अपनी रक्षा जरूरतें पूरी कर रहा है, बल्कि 100 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात भी कर रहा है। उन्होंने सऊदी को भारत में रक्षा निर्माण क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
बिजनेस और ग्लोबल इवेंट्स पर सराहना
मोदी ने सऊदी अरब में काम कर रही भारतीय कंपनियों की भूमिका की सराहना की और किंगडम को वर्ल्ड एक्सपो 2020 और फीफा वर्ल्ड कप 2034 की मेजबानी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने इसे सऊदी की वैश्विक पहचान का प्रतीक बताया।
आर्थिक गलियारे से जुड़े भविष्य के संकेत
भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को लेकर मोदी ने कहा, यह परियोजना आने वाले समय में क्षेत्रीय व्यापार और संपर्क का बड़ा उत्प्रेरक बनने जा रही है। भारत सरकार के अनुसार, यह यात्रा भारत-सऊदी रणनीतिक रिश्तों में एक नया अध्याय जोड़ेगी।