मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशनों और सुरंग के भीतर भी मिलेगी बेहतर डेटा और वायस कॉल कनेक्टिविटी
आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) और भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के बीच बुधवार को दिल्ली में एक सहमति पत्र (एमओयू ) पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसका उद्देश्य अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों एवं टनल में यात्रा के दौरान मोबाइल कनेक्टिविटी के अनुभव को और बेहतर बनाना है।
यूपीएमआरसी और बीएसएनएल के बीच समझौता पत्र पर हुए हस्ताक्षर
इस दौरान यूपीएमआरसी के निदेशक रोलिंग स्टॉक श्री नवीन कुमार मौजूद रहे।
लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो नेटवर्क के भूमिगत मेट्रो स्टेशनों और सुरंगों में उपलब्ध यूपीएमआरसी की इन-बिल्डिंग सॉल्यूशन (आईबीएस ) इंफ्रास्ट्रक्चर को अब बीएसएनएल द्वारा उपयोग में लाया जाएगा। यह साझेदारी यूपीएमआरसी की तीनों परियोजनाओं के अंडरग्राउंट स्टेशनों और सुरंगों में मेट्रो यात्रियों के लिए मोबाइल कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाएगी।
यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि "मेट्रो यात्रियों के सफर को और बेहतर बनाने के हमारे साझा लक्ष्य में बीएसएनएल के साथ सहयोग करते हुए हमें खुशी हो रही है। यह पहल हमारे यात्रियों के लिए एक स्मार्ट, निर्बाध और कनेक्टेड ट्रांजिट अनुभव प्रदान करने की हमारी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।"
यूपीएमआरसी शहरी परिवहन को बेहतर बनाने के लिए लगातार इनोवेटिव समाधान अपनाने में अग्रणी रहा है। बीएसएनएल के साथ यह सहयोग यूपीएमआरसी की इस दृष्टि के अनुरूप है कि मेट्रो यात्रा न केवल कुशल और सुरक्षित हो, बल्कि डिजिटल रूप से भी जुड़ी हो। स्टेशनों और सुरंगों में निर्बाध मोबाइल कवरेज सुनिश्चित कर यूपीएमआरसी यात्रियों के समग्र अनुभव को बेहतर बना रहा है और शहरी सार्वजनिक परिवहन में डिजिटल पहुंच को आगे बढ़ा रहा है।