क्वीन मैरी और जॉन्स लाइब्रेरी में मिलेंगी बेहतर सुविधाएं: कमिश्नर ने दिए निर्देश
आगरा। मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने मंगलवार को स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत नवजीवित की गई क्वीन मैरी लाइब्रेरी और पालीवाल पार्क स्थित जॉन्स पब्लिक लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों लाइब्रेरी में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही पालीवाल पार्क की साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष बल दिया।
क्वीन मैरी लाइब्रेरी में एसी, लाइट, इंटरनेट की सुविधा बढ़ेगी
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि गर्मी को ध्यान में रखते हुए एयर कंडीशनर्स की संख्या बढ़ाई जाए, प्रकाश के लिए और लाइट्स लगाई जाएं। इसके अलावा इंटरनेट और वाई-फाई की सुविधा, सोलर पैनल की योजना, शौचालय, प्रांगण में पेंटिंग, और कैंटीन/कैफेटेरिया के संचालन की गुणवत्ता सुधारने को कहा गया। उन्होंने लाइब्रेरी के जीर्णोद्धार में निकली कबाड़ सामग्री की नीलामी कराने के निर्देश भी दिए।
सदस्य संख्या बढ़ाने और प्रचार-प्रसार का आह्वान
मंडलायुक्त ने कहा कि वर्तमान में लाइब्रेरी में सदस्य और आगंतुकों की संख्या कम है, जिसे बढ़ाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों से समन्वय स्थापित कर प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने प्रमुख स्थलों पर लाइब्रेरी की पब्लिसिटी कराने, विद्यार्थियों को विजिट कराने और सुविधाओं की जानकारी देने को कहा।
उन्होंने बताया कि क्वीन मैरी लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए सभी जरूरी पुस्तकें, समसामयिक पत्रिकाएं, समाचार पत्र, बाल साहित्य और ऑनलाइन ई-लाइब्रेरी की भी सुविधा उपलब्ध है। यह लाइब्रेरी उच्च शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए उपयुक्त है।
जॉन्स पब्लिक लाइब्रेरी में फर्नीचर और सुविधाओं को मिलेगा विस्तार
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने पालीवाल पार्क स्थित जॉन्स पब्लिक लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया और वहां उपस्थित छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था, पंखों और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
लाइब्रेरी परिसर में स्थित रानी विक्टोरिया की प्रतिमा का भी निरीक्षण कर मंडलायुक्त ने उसकी सफाई और सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए।
पालीवाल पार्क की व्यवस्था में सुधार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने पालीवाल पार्क का भी जायज़ा लिया। उन्होंने नगर निगम को पार्क की नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, जलस्रोतों की देखभाल, तथा उद्यान विभाग को हरित क्षेत्रों के रखरखाव के निर्देश दिए।
निरीक्षण में नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, सिटी मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान, सहायक नागरायुक्त अशोक गौतम, प्रोजेक्ट मैनेजर स्मार्ट सिटी अरुण कुमार, डीडी उद्यान धर्मपाल, अधीक्षक राजकीय उद्यान रजनीश पांडेय, पदम चंद मिश्रा, डॉ. पंकज महेंद्रू, डीजीसी अशोक चौबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।