बदायूं में बड़ा हादसा: आंधी के दौरान मेंथा फैक्ट्री में भीषण आग, लगातार धमाके, 14 घंटे बाद भी नहीं बुझी
बदायूं। जिले में बुधवार रात आए तूफान के दौरान यहां की एक बड़ी मेंथा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कई किलोमीटर दूर से धुएं का गुबार देखा गया। इस दौरान दर्जनों धमाके भी हुए। आसपास के गांवों को प्रशासन ने एहतियातन खाली करा लिया। 14 घंटे से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी अभी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सकता है। फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं।
जिस मेंथा फैक्ट्री में आग लगी है, उसमें 250 से ज्यादा मजदूर कार्यरत हैं और इस में दिन और रात काम चलता है। आग के शोलों में तब्दील हुई फैक्ट्री में अभी भी आग का तांडव जारी है। आग लगने के वक्त फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर निकल कर भागे। हालांकि अभी भी आशंका बनी हुई है कि कुछ मजदूर फंसे हो सकते हैं। भारत मिंट एंड एलाइट नामक यह फैक्ट्री दिल्ली हाईवे पर स्थित है। तूफान में फैक्ट्री की चिमनी गिरने से आग तेजी से फैली।
20 दमकल गाड़ियां लगीं आग बुझाने में
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है। आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने फैक्ट्री के आसपास के गांवों को खाली करा लिया है, जिससे किसी और बड़े हादसे को टाला जा सके। सबसे ज्यादा खतरा फैक्ट्री से सटे गांव नरसिंहपुर में था, जिसे प्रशासन ने समय रहते खाली करा लिया था। पुलिस ने हाईवे पर भी यातायात को रोक दिया था।
धमाकों से आसपास के गांवों में दहशत
आग लगने के कारण फैक्ट्री के अंदर रखे नाइट्रोजन सिलेंडर फटने लगे। इससे लगातार हो रहे धमाकों की वजह से फैक्ट्री के आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। प्रशासन द्वारा अलर्ट किए जाने के बाद गांवों के लोग बाहर सुरक्षित स्थानों पर आ गये। आग की लपटें इतनी विकराल और ऊंची थीं कि उन्हें देखते ही लोगों के दिल दहशत से बैठे जा रहे थे।
जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर आग पर काबू पाने के प्रयासों की निगरानी कर रहे हैं।