केबीसी के 18वें सीजन में लौटे बिग बी, शो की थीम है- इस बार सोचना पड़ेगा, जवाब देने से पहले खिलाड़ी को रुकना पड़ेगा
महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के साथ लौट रहे हैं। शो की थीम है, 'इस बार... सोचना पड़ेगा', जो इस पॉप्युलर क्विज शो में एक नया और दिलचस्प पहलू जोड़ने जा रही।
मुंबई। 'कौन बनेगा करोड़पति' अपने मोस्ट अवेटेड सीजन 18 के साथ वापसी के लिए तैयार है। महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर शो के होस्ट के रूप में दर्शकों का स्वागत करेंगे। नए सीज़न की शूटिंग 1 अगस्त 2026 से मुंबई के फिल्म सिटी में इस शो के लिए खास तैयार किए गए सेट पर शुरू होगी।
शो की थीम है, 'इस बार... सोचना पड़ेगा', जो इस पॉप्युलर क्विज शो में एक नया और दिलचस्प आयाम जोड़ने जा रही है। 'कौन बनेगा करोड़पति' हमेशा से ज्ञान का उत्सव मनाता आया है, लेकिन सीजन 18 में केवल तेजी से सही जवाब देने के बजाय गहरी सोच, रणनीति और समझदारी से निर्णय लेने पर अधिक जोर दिया जाएगा।
हाल ही में सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन ने एक नया प्रोमो जारी किया, जिसमें अमिताभ बच्चन एक गोल्फ कोर्स में नजर आते हैं। गोल्फ और जिंदगी के बीच समानता बताते हुए वह समझाते हैं कि हर बार पहला जवाब सही नहीं होता। वह प्रतियोगियों को सलाह देते हैं कि जवाब देने से पहले थोड़ा ठहरें, सोचें और फिर अपना उत्तर दें।
प्रोमो में अमिताभ बच्चन कहते हैं, 'बचपन में हमें सिखाया गया था कि जो पहले जवाब दे, सबसे सही वही है। लेकिन ज़िंदगी में कई बार पहला जवाब ही सही नहीं होता। तो इस बार KBC में, जवाब देने से पहले खुद को जरा रोकना पड़ेगा। नहीं समझे? इस बार... सोचना पड़ेगा।'
इस सरल लेकिन प्रभावशाली संदेश के साथ प्रोमो शो के नए अंदाज़ की झलक देता है। इससे संकेत मिलता है कि इस बार प्रतियोगियों को हर सवाल का जवाब देने से पहले ठहरकर, सोच-समझकर और रणनीति के साथ फैसला लेना होगा। शांत और खूबसूरत गोल्फ कोर्स की पृष्ठभूमि में फिल्माया गया यह प्रोमो गोल्फ में आवश्यक धैर्य और सटीकता की तुलना KBC की हॉट सीट पर सही निर्णय लेने की कला से करता है।
नया सीजन यह संदेश देता है कि सिर्फ ज्ञान ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि सही समय पर ठहरकर सोच-समझकर लिया गया निर्णय भी खेल का परिणाम बदल सकता है।
'कौन बनेगा करोड़पति' सीजन 18 का प्रीमियर 10 अगस्त 2026 से होगा। यह शो हर सोमवार से शुक्रवार रात 9:00 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न पर प्रसारित किया जाएगा और Sony LIV पर भी स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध रहेगा।