बिग बैंग 2K26 में झूम उठा फ्यूचर यूनिवर्सिटी परिसर, पूजा ठाकरे की आवाज़ पर थिरके छात्र
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। नववर्ष 2026 के स्वागत में फ्यूचर यूनिवर्सिटी परिसर उस वक्त उल्लास, ऊर्जा और युवा जोश से सराबोर हो उठा, जब ‘बिग बैंग 2K26’ के मंच पर प्रसिद्ध बॉलीवुड सिंगर पूजा ठाकरे की धमाकेदार प्रस्तुति ने हजारों छात्र-छात्राओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। शिक्षा, संस्कृति और मनोरंजन के संगम से सजा यह आयोजन विश्वविद्यालय के यादगार उत्सवों में शामिल हो गया।

समारोह में मौजूद यूनिवर्सिटी के चांसलर मुकेश गुप्ता, प्रो. चांसलर दीप गुप्ता, प्रो. वाइस चांसलर डॊ. पंकज कुमार मिश्रा आदि।
कार्यक्रम की शुरुआत से ही परिसर उत्सवधर्मी माहौल में बदल गया। जैसे ही पूजा ठाकरे ने मंच संभाला, ‘लुंगी डांस’, ‘बद्री की दुल्हनिया’, ‘नगाड़ा संग ढोल’, ‘बल्ले बल्ले’ और ‘दिल धड़कने दो’ जैसे सुपरहिट गीतों की धुनों पर छात्र-छात्राएं देर शाम तक थिरकते रहे। रंगीन रोशनी, साउंड सिस्टम और मंचीय प्रभाव ने पूरे वातावरण को किसी बड़े म्यूजिक फेस्टिवल में तब्दील कर दिया।
इस अवसर पर फ्यूचर यूनिवर्सिटी के चांसलर मुकेश गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को निखारने के लिए ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि ‘बिग बैंग 2K26’ जैसे कार्यक्रम छात्रों के भीतर सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं।
प्रो-वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) पंकज कुमार मिश्रा ने कहा कि यह आयोजन नववर्ष 2026 के भव्य शुभारंभ के साथ-साथ विश्वविद्यालय की प्रगतिशील सोच और युवा-केंद्रित दृष्टिकोण को भी दर्शाता है। उन्होंने बताया कि फ्यूचर यूनिवर्सिटी एजुकेशन 5.0, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रिसर्च, स्किल-बेस्ड लर्निंग और इंडस्ट्री इंटीग्रेशन को केंद्र में रखकर छात्रों को भविष्य के लिए तैयार कर रही है।
वहीं प्रो-चांसलर दीप गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियां छात्र जीवन को संतुलित और समृद्ध बनाती हैं। उन्होंने युवाओं से नववर्ष 2026 को नए लक्ष्य, नई सोच और नवाचार की भावना के साथ अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मेले के स्वरूप में लगाए गए आकर्षक गेम स्टॉल, विविध फूड काउंटर और छात्रों के लिए खास कैमल राइड (ऊंट की सवारी) भी आकर्षण का केंद्र रहे। हर आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ इस महोत्सव का आनंद लिया।
कुल मिलाकर, ‘बिग बैंग 2K26’ फ्यूचर यूनिवर्सिटी में नववर्ष 2026 का ऐसा भव्य आगाज़ बनकर उभरा, जिसने उत्सव के माध्यम से भविष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ बढ़ने का सशक्त संदेश दिया।