‘वंदे मातरम्’ विवाद पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, अमित शाह ने कांग्रेस से माफी मांगने को कहा, वेणुगोपाल बोले- राष्ट्रगीत हमारे लिए भावना, भाजपा के लिए राजनीतिक मुद्दा
कांग्रेस मुख्यालय के कार्यक्रम से शुरू हुआ विवाद अब भाजपा और कांग्रेस के बीच व्यापक राजनीतिक टकराव का रूप ले चुका है। भाजपा इसे राष्ट्रीय गीत के सम्मान से जोड़ रही है, जबकि कांग्रेस इसे राजनीतिक मुद्दा बनाए जाने का आरोप लगा रही है।
चित्तौड़गढ़/कोल्लम। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर उठे विवाद पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए सोनिया गांधी और कांग्रेस से माफी मांगने को कहा। वहीं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केरल के कोल्लम में भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस ‘वंदे मातरम्’ का सम्मान करती है और भाजपा इस मुद्दे का इस्तेमाल वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए कर रही है।
अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला
चित्तौड़गढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस मुख्यालय के स्वतंत्रता दिवस समारोह का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ का गायन बीच में रोकने के लिए सोनिया गांधी ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से कहा था। शाह ने कहा कि देश ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के लिए लोगों को गोलियां और लाठियां खाते तथा जेल जाते देखा है। ऐसे में राष्ट्रीय गीत के कथित अपमान को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
शाह ने कहा कि कांग्रेस को इस मामले में देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने सोनिया गांधी से भी माफी मांगने की मांग की और इस पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस की राजनीति से जोड़कर निशाना साधा। शाह के बयान के बाद भाजपा नेताओं ने भी कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया।
हालांकि, कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज किया है। विवाद की शुरुआत स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में हुए कार्यक्रम के एक वीडियो को लेकर हुई, जिसमें सोनिया गांधी को मल्लिकार्जुन खरगे से बातचीत और इशारा करते हुए देखा गया। इसी दौरान राहुल गांधी इधर-उधर देखते हुए कैमरे में कैद हो गये थे। इसी दृश्य को लेकर भाजपा ने आरोप लगाया कि ‘वंदे मातरम्’ के गायन को रोकने का प्रयास किया गया।
वेणुगोपाल बोले- कांग्रेस वंदे मातरम् का सम्मान करती है
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कोल्लम में भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस ‘वंदे मातरम्’ का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए यह केवल कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि भावना से जुड़ा विषय है।
वेणुगोपाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ का पूरा संस्करण गाया गया था। उन्होंने इसे किसी अपमान से जोड़ने के भाजपा के आरोप को गलत बताया और कहा कि यह मामला संचार से जुड़ी स्थिति का परिणाम था। उनके मुताबिक भाजपा इस मुद्दे को वास्तविक समस्याओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए इस्तेमाल कर रही है।
वेणुगोपाल ने भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए ‘वंदे मातरम्’ के मुद्दे को उछालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय गीत के सम्मान और उसके ऐतिहासिक महत्व को लेकर पूरी तरह स्पष्ट है।