विकास कार्यों की समीक्षा में मंडलायुक्त सख्त, आगरा-मथुरा में गो-संरक्षण केंद्र और स्वच्छता कार्यों पर जताई नाराजगी

आगरा मंडल की विकास समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने सरकारी योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। आईजीआरएस रैंकिंग में मंडल 10वें स्थान पर पहुंचा है। आगरा के खेड़ा राठौर में गो-संरक्षण केंद्र निर्माण, मथुरा में बढ़ौता केंद्र की टेंडर प्रक्रिया, 445 विद्यालयों में फर्नीचर, आयुष्मान कार्ड, आवास योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों, सोलर रूफटॉप और अन्नपूर्णा भवनों के कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया। पंचायत योजनाओं के प्रस्ताव लंबित रहने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया।

Nov 23, 2026 - 16:12
 0
विकास कार्यों की समीक्षा में मंडलायुक्त सख्त, आगरा-मथुरा में गो-संरक्षण केंद्र और स्वच्छता कार्यों पर जताई नाराजगी
अधिकारियों संग विकास कार्यों की समीक्षा करते मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप।

आगरा मंडल की समीक्षा बैठक में योजनाओं की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को फटकार, लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

आगरा। मंडल में विकास योजनाओं की धीमी प्रगति, लंबित प्रस्तावों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को लघु सभागार में उनकी अध्यक्षता में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के विकास कार्यों, जनशिकायतों के निस्तारण तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कई योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

आईजीआरएस रैंकिंग में आगरा मंडल 10वें स्थान पर

बैठक की शुरुआत आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की समीक्षा से हुई। पिछले माह की तुलना में आगरा मंडल की रैंकिंग में सुधार हुआ है और मंडल ने 10वीं रैंक हासिल की है। मंडलायुक्त ने इस सुधार को आगे बनाए रखने के लिए सभी शिकायतों में शिकायतकर्ताओं से अनिवार्य रूप से संपर्क करने, शिकायत निस्तारण के बाद फीडबैक लेने और संतुष्ट शिकायतकर्ताओं का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने पर जोर दिया।

गो-संरक्षण केंद्रों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

पशुपालन विभाग की समीक्षा में निर्माणाधीन वृहद गो-संरक्षण केंद्रों की स्थिति सामने आई। मंडलायुक्त ने आगरा में बलाई स्थित प्रस्तावित गो-संरक्षण केंद्र के स्थान पर ग्राम खेड़ा राठौर में चिन्हित भूमि पर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं मथुरा के बढ़ौता में प्रस्तावित वृहद गो-संरक्षण केंद्र के टेंडर की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।

पंचायती राज विभाग की पंचायत प्रतिपूर्ति एवं प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत निदेशालय स्तर पर केवल फिरोजाबाद से प्रस्ताव भेजे जाने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। आगरा, मैनपुरी और मथुरा से प्रस्ताव नहीं भेजे जाने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा। ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा में आगरा और मथुरा की प्रगति सबसे कम मिलने पर दोनों जिलों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। प्राथमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया गया। मंडलायुक्त ने मथुरा और मैनपुरी के चार अवशेष विद्यालयों को फर्नीचर से संतृप्त करने के निर्देश दिए। वहीं आगरा और मैनपुरी में कुल 445 अवशेष विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।

आयुष्मान कार्ड और सोलर रूफटॉप योजना पर जोर

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाने की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मथुरा में कार्ड बनाने की गति तेज करने के साथ ही मंडल के चारों जिलों में अवशेष पात्र वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने को कहा गया, जिससे पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की समीक्षा में सरकारी भवनों पर रेस्को मॉडल के तहत सोलर रूफटॉप लगाने की योजना की प्रगति धीमी होने पर निदेशालय से समन्वय कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

आवास योजनाओं में लक्ष्य पूरा करने की हिदायत

ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में लक्ष्य के सापेक्ष अवशेष आवासों की स्वीकृति की कार्यवाही जल्द पूर्ण करने को कहा गया। मुख्यमंत्री आवास योजना में लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रथम किस्त जारी करने के निर्देश दिए गए। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक मंडल में 8711 स्वयं सहायता समूहों का बैंक क्रेडिट लिंकेज कराया गया है। मंडलायुक्त ने समूहों के गठन और बैंक लिंकेज की प्रक्रिया में और तेजी लाने पर जोर दिया। वीबी-जी राम जी योजना के तहत मथुरा में प्रगति बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

युवा उद्यमी योजनाओं में लक्ष्य से अधिक वितरण

उद्योग विभाग की समीक्षा में बताया गया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत मंडल के चारों जिलों में लक्ष्य से अधिक वितरण किया गया है। मंडलायुक्त ने संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लाभार्थियों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने और शेष वितरण प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया। महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना की समीक्षा में नोडल पुलिस अधिकारी और मेडिकल ऑफिसर स्तर पर लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। डीएससी में सभी लंबित प्रकरणों को प्रस्तुत कर प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना में मथुरा और मैनपुरी को निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

राशन दुकानों की रिक्तियों पर चयन, अन्नपूर्णा भवन निर्माण में तेजी

खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा में मंडलायुक्त ने उचित दर की दुकानों की रिक्तियों के सापेक्ष नए चयन की प्रक्रिया पूरी करने और निलंबित दुकानों से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। अन्नपूर्णा भवनों की प्रगति की जानकारी में बताया गया कि कुल 116 भवनों के सापेक्ष 78 भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष भवनों का कार्य प्रगति पर है। मंडलायुक्त ने शेष निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त उमेश मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी मैनपुरी इंद्रमणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी फिरोजाबाद संतोष कुमार शर्मा, चारों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, एडी हेल्थ और मंडल के समस्त अधिकारी मौजूद रहे।