भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू: गुरु रविदास जयंती पर आठ महीने चलेंगे दीपोत्सव और सम्मान कार्यक्रम
आगरा। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जाने वाले ‘समरसता संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को भाजपा आगरा महानगर की कार्यशाला लोहामंडी रोड स्थित जैन स्मृति भवन में आयोजित की गई। कार्यशाला में भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और छावनी विधानसभा से विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा से अवगत कराते हुए समाज में समरसता और संतों के सम्मान का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, राहुल सागर, अनीता खरे, बॉबी लाले तथा अनिल सारस्वत सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि राजकुमार गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर देशभर में आठ महीने तक ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंडल के पांच गुरु रविदास मंदिरों में पूजा-अर्चना और दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को आगरा महानगर के सभी 22 मंडलों में एक साथ दीपोत्सव कार्यक्रमों के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास मंदिरों में विशेष रूप से फूल बंगले सजाए जाएंगे और आकर्षक सजावट की जाएगी।
विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को भक्ति, समरसता और समानता का संदेश दिया। उन्होंने धर्म और मानवता की रक्षा के लिए जीवनभर संघर्ष किया तथा लोगों को सदाचार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर भी संत रविदास के विचारों से प्रेरित थे और उन्होंने वंचित एवं अभावग्रस्त समाज के उत्थान के लिए कार्य किया।
कार्यशाला में अभियान को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मंडल में अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राहुल सागर, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, अनीता खरे, मनवीर चौहान, राजू परमार, दीपू जादौन, नवीन गौतम, रोहित कत्याल, अनिल सारस्वत, विक्रांत तिवारी, डॉ. निधि शर्मा, माधुरी माहौर, अंजू गर्ग, हेमा चौहान, विकास भारद्वाज, मुकेश गुप्ता, विकास गुप्ता, विजय श्रीवास्तव, बॉबी लाले, के.के. सिकरवार, बंटी धाकड़, दीक्षा बघेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।