एआई पोर्न बनाकर ब्लैकमेलिंग, आगरा पुलिस ने दो शातिरों को दबोचा

आगरा के कमलानगर क्षेत्र में दो युवकों ने एक व्यक्ति की बेटी को फर्जी इंस्टाग्राम ID से अश्लील संदेश भेजकर और AI जनरेटेड अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की। 13 नवंबर को आरोपियों ने स्कूटी से घर के बाहर अश्लील पर्चे भी फेंके। CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 15 नवंबर को बल्केश्वर से दोनों आरोपियों—सुमित कुमार और प्रशांत मिश्र—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से स्कूटी और मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी जांच जारी है।

Nov 16, 2025 - 21:00
 0
एआई पोर्न बनाकर  ब्लैकमेलिंग, आगरा पुलिस ने दो शातिरों को दबोचा
इमेज फोटो

आगरा। थाना कमलानगर क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिये एक परिवार को मानसिक रूप से परेशान करने और पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे दो शातिर ब्लैकमेलरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर पीड़ित की नाबालिग बेटी को अश्लील संदेश भेजने के साथ-साथ उसकी एआई से तैयार अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर परिवार को दहशत में डाल दिया था।

पीड़ित पिता ने बताया कि 29 और 30 अक्टूबर को एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार उसकी बेटी के इंस्टाग्राम पर अश्लील संदेश भेजे गए। संदेशों में रुपयों की मांग की गई और पैसे न देने पर बेटी की एआई  जनरेटेड आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की चेतावनी दी गई। इससे परिवार में भय और तनाव का माहौल बन गया।

स्कूटी सवार बदमाशों ने घर में  फेंके अश्लील पर्चे

मामला यहीं नहीं रुका। 13 नवंबर को स्कूटी सवार दो युवक पीड़ित के घर के बाहर और आसपास कई स्थानों पर अश्लील पर्चे फेंककर फरार हो गए। इन पर्चों में आरोपी द्वारा तैयार की गई एआई अश्लील तस्वीरें और वीडियो लगे थे। यह देखकर परिवार बेहद घबरा गया और तुरंत पुलिस से सहायता मांगी।

सीसीटीवी से पहचाने गए आरोपी

थाना कमलानगर पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखाई दिए संदेहास्पद युवकों की खोज शुरू की गई। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 15 नवंबर को बल्केश्वर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

आरोपियों की पहचान और बरामदगी

गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान सुमित कुमार, निवासी शांत कुंज, नगला रामबल, आगरा, और प्रशांत मिश्र, निवासी शांत कुंज, नगला रामबल , आगरा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनसे ब्लैकमेलिंग और सामग्री तैयार करने की आशंका है। मोबाइल की डिजिटल फोरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का सख्त संदेश

थाना प्रभारी सुनीत शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह के अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।