आगरा में अछनेरा में रेलवे फाटक के पास अज्ञात युवती का शव मिला, हत्या की आशंका
आगरा। अछनेरा रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब झाड़ियों में एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर पुलिस को आशंका है कि हत्या करने के बाद उसे यहां फेंका गया है। गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था और मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। शव पेट के बल पड़ा हुआ था।
सुबह टहलने निकली महिला ने दी सूचना
कचौरा रोड स्थित रेलवे फाटक के पास आज सुबह एक महिला पहुंची तो उसकी नजर झाड़ियों में पड़े युवती के शव पर पड़ी। महिला के शोर मचाने पर भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों की सूचना पर अछनेरा थाने की पुलिस पहुंची और मौका मुआयना किया। रेलवे क्षेत्र का मामला होने के कारण जीआरपी और आरपीएफ भी पहुंच गई थी।
युवती के शव पर चोट के निशान, शिनाख्त नहीं
मृतका ने लाल रंग की कुर्ती और काले रंग की सलवार पहन रखी थी। उसके चेहरे पर चोट के स्पष्ट निशान थे, जिससे यह आशंका गहराती जा रही है कि वारदात से पहले उसके साथ खींचतान हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका की पहचान के लिए शव के फोटो आसपास के थानों में भेजे जा रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस, भीड़ बनी रही
मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही हैं। घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।