यमुना पुल पर मिली युवती की लाश का खुलासा, प्रेम त्रिकोण में हुई हत्या, एक युवक हिरासत में

आगरा के यमुना जवाहर पुल पर बोरे में मिले युवती के शव की पहचान ट्रांस यमुना क्षेत्र की 28 वर्षीय युवती के रूप में हुई है। युवती एक सप्ताह से लापता थी। जांच में प्रेम त्रिकोण के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Jan 25, 2026 - 18:37
 0
यमुना पुल पर मिली युवती की लाश का खुलासा, प्रेम त्रिकोण में हुई हत्या, एक युवक हिरासत में
इमेज फोटो

एक हफ्ते से लापता थी युवती, बोरे में भरकर शव ठिकाने लगाने पहुंचे थे हत्यारे

आगरा। आगरा में यमुना पुल पर बोरे में फेंके गए युवती के शव की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस ने शव की शिनाख्त ट्रांस यमुना क्षेत्र की रहने वाली 28 वर्षीय युवती के रूप में की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती की प्रेम संबंधों में हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवती पिछले करीब एक सप्ताह से लापता थी। परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस और स्वजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे।

शुक्रवार रात करीब एक बजे यमुना के जवाहर पुल पर राहगीरों ने बोरे में बंद युवती का शव पड़ा देखा, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार युवती के चेहरे, गर्दन और शरीर पर चोट के कई निशान थे, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे थे। शव पर केवल गहरे ब्राउन रंग की सलवार थी। पहचान न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया।

गुमशुदगी से जुड़ी कड़ी, हुई पहचान

शिनाख्त के लिए पुलिस ने आसपास के सभी थानों में दर्ज गुमशुदा युवतियों का रिकॉर्ड खंगाला। इसी दौरान ट्रांस यमुना क्षेत्र से दर्ज एक गुमशुदगी की रिपोर्ट से शव की पहचान हो सकी। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।

प्रेम त्रिकोण में हत्या की आशंका

जांच में सामने आया है कि मामला त्रिकोणीय प्रेम संबंधों से जुड़ा हुआ है। आशंका है कि हत्या के बाद आरोपी शव को यमुना में फेंकने आए थे, लेकिन पुल पर लोगों की आवाजाही अधिक होने के कारण वे शव को पुल पर ही छोड़कर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से सुराग, एक युवक हिरासत में

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बाइक सवार संदिग्ध युवक नजर आए। इसी आधार पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।