‘टूटने से बिखरेंगे, जुड़ने से निखरेंगे’, खटीक गर्जना में राजनाथ का एकजुटता का संदेश
आगरा में आयोजित खटीक गर्जना सम्मेलन में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सामाजिक एकजुटता और सेवा का संदेश दिया। आयोजकों ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया, लेकिन राजनाथ सिंह ने मुकुट वापस करते हुए कहा कि इसे किसी गरीब परिवार की बेटी की चांदी की पायल बनवाने में इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने खटीक समाज के ऐतिहासिक योगदान को सामने लाने, समाज को जाति-धर्म के नाम पर बांटने की कोशिशों से बचने और एकजुट होकर आगे बढ़ने की अपील की।
चांदी का मुकुट लौटाकर राजनाथ सिंह बोले- सम्मान अपने पास नहीं, किसी गरीब बेटी के काम आना चाहिए
आगरा। आगरा में रविवार को आयोजित मंडल स्तरीय खटीक गर्जना सम्मेलन में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन से सामाजिक एकजुटता और सेवा का संदेश दिया। सम्मेलन में आयोजकों ने राजनाथ सिंह का चांदी का मुकुट पहनाकर भव्य स्वागत किया, लेकिन उन्होंने मुकुट अपने पास रखने के बजाय वापस समाज को सौंप दिया। उन्होंने कहा कि वह सब कुछ स्वीकार कर लेते हैं, लेकिन यह चांदी का मुकुट उनके किसी काम का नहीं है। इसे किसी जरूरतमंद बेटी के काम में लगाया जाए।
राजनाथ सिंह ने कहा कि यदि किसी गरीब मां-बाप की बेटी शादी के बाद विदा हो रही हो और उसके पैरों में चांदी की पायल न हो तो इस मुकुट को तुड़वाकर उसके लिए पायल बनवा दी जाए। रक्षामंत्री की इस अपील ने सम्मेलन में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने सम्मान को व्यक्तिगत संपत्ति बनाने के बजाय उसे किसी जरूरतमंद परिवार की मदद में लगाने का संदेश दिया।
खटीक समाज की राजनीतिक और सामाजिक भूमिका पर मंथन
अखिल भारतीय खटीक समाज की ओर से आयोजित सम्मेलन में करीब 1500 लोग पहुंचे। कार्यक्रम में समाज की राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक एकजुटता और आगामी चुनावों में खटीक समाज की भूमिका को लेकर चर्चा हुई। सम्मेलन में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में खटीक समाज के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश और धर्म की रक्षा में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन इतिहास में इस योगदान को वह स्थान नहीं मिल पाया, जिसका वह हकदार है। उन्होंने कहा कि अब जरूरत है कि खटीक समाज के इतिहास का पुनर्लेखन हो और उसके वास्तविक योगदान को सामने लाया जाए।
‘देश और धर्म की रक्षा में खटीक समाज का रहा महत्वपूर्ण योगदान’
रक्षामंत्री ने कहा कि वैदिक काल से ही खटीक समाज धर्म के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है। समाज ने राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए हमेशा आगे बढ़कर योगदान दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज को केवल जाति के चश्मे से देखने से उसके वास्तविक योगदान को समझा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि अलग-अलग लोगों के कर्तव्य अलग हो सकते हैं, लेकिन सभी का अंतिम लक्ष्य राष्ट्र की रक्षा और देश की मजबूती होना चाहिए।
जाति-धर्म के नाम पर बांटने की कोशिशों से सावधान रहने की अपील
राजनाथ सिंह ने राजनीतिक दलों और सामाजिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीति के लिए कई बार समाज को भड़काने और बांटने की कोशिश की जाती है। कभी जाति के नाम पर तो कभी धर्म के नाम पर लोगों के बीच दूरी पैदा करने का प्रयास होता है। उन्होंने समाज से ऐसे प्रयासों से बचने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी के भड़कावे और बहकावे में नहीं आना है। समाज को बांटने के बजाय एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। ‘टूटने से बिखरेंगे, जुड़ने से निखरेंगे’ का संदेश देते हुए रक्षामंत्री ने सामाजिक एकता को विकास और मजबूती की कुंजी बताया।
यूपी के विकास को लेकर योगी सरकार की तारीफ
रक्षामंत्री ने उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। एक समय प्रदेश की सड़कें बदहाल थीं और आए दिन दंगों के कारण लोगों में असुरक्षा का माहौल रहता था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास के लिए जाना जाता है। जिस प्रदेश का नाम कभी अपराध के कारण सुर्खियों में रहता था, वहां अब औद्योगिक गलियारे विकसित हो रहे हैं और मेट्रो का नेटवर्क तेजी से विस्तार कर रहा है। राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि धन-दौलत के मामले में भारत पहले दुनिया में 11वें स्थान पर था, लेकिन अब चौथे स्थान तक पहुंच गया है।
दोपहर में आगरा पहुंचे रक्षामंत्री
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे विशेष विमान से खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह खटीक गर्जना सम्मेलन में पहुंचे।
भोला सिंह बोले- भाजपा ने खटीक समाज को आगे बढ़ाया
सम्मेलन में बुलंदशहर के सांसद भोला सिंह ने कहा कि भाजपा ने हमेशा खटीक समाज के हित में काम किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने समाज के नेताओं को संसद और विधानसभा में प्रतिनिधित्व का अवसर दिया है। भाजपा हमेशा खटीक समाज के साथ खड़ी रही है।
शिव सिंह चक ने राजनाथ सिंह को बताया समाज की आन-बान-शान
टूंडला के पूर्व विधायक शिव सिंह चक ने राजनाथ सिंह को अपना गुरु बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा खटीक समाज का सम्मान किया है। उन्होंने राजनाथ सिंह को खटीक समाज की आन-बान-शान बताया और कहा कि उन्होंने देशभर में समाज को सम्मान दिलाने का काम किया है। सम्मेलन में चांदी का मुकुट लौटाने की घटना कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। राजनाथ सिंह ने सम्मान स्वीकार करने के साथ ही उसे जरूरतमंद बेटी के लिए उपयोग करने की अपील कर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।