ससुराल में जीजा को गोली मारने वाला वाला साला गिरफ्तार, अवैध पिस्तौल व कारतूस बरामद
आगरा में ससुराल आए युवक पर जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में अवैध हथियार भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आगरा। थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र में ससुराल आए युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने वाले वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित का नाम रामबरन है, जो 25 दिसंबर की शाम करीब पांच बजे अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था। आरोप है कि वहां ससुरालीजनों ने उसके साथ मारपीट की, इसी दौरान उसके साले मोनू ने जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चला दी, जिससे रामबरन घायल हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसी क्रम में खेड़ा राठौर पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग के दौरान गांव पुरा रामलाल मोड़ के पास से वांछित अभियुक्त मोनू पुत्र भूरे सिंह, निवासी जोमर्दपुरा, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और .32 बोर का जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर की गई। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष खेड़ा राठौर योगेंद्र सिंह चौहान ने किया। गिरफ्तारी टीम में अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।