आगरा के 1000 व्यापारियों को जोड़कर मजबूती से आगे बढ़ेगी कैट की टीम, हर समस्या में साथ देने का संकल्प
आगरा। आगरा के व्यापारियों की छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कैट की जिला इकाई अब सक्रिय भूमिका निभाएगी। गुरुद्वारा गुरु का ताल परिसर में आयोजित कैट जिला इकाई की बैठक एवं शपथ ग्रहण समारोह में नवगठित टीम ने व्यापारियों के हितों की लड़ाई लड़ने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष रोहित कत्याल ने तीन महीने में 1000 व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा।
कार्यक्रम की शुरुआत कैट टीम द्वारा गुरुद्वारा गुरु का ताल में गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेकने और सभी के कल्याण के लिए अरदास के साथ हुई। इसके बाद गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह ने कैट की नवगठित टीम को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और सेवा की शपथ दिलाई।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल की संस्तुति पर आगरा की टीम में रोहित कत्याल को अध्यक्ष और नरेंद्र तनेजा को चेयरमैन मनोनीत किया गया है। संजय अरोरा को महामंत्री, अमित मदान को कोषाध्यक्ष और कुलदीप कोहली को संयुक्त महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। वहीं राजेश कक्कड़, भीष्म लालवानी, प्रशांत मिश्रा, चंद्रवीर फौजदार और अमित खत्री को उपाध्यक्ष तथा अभिषेक कपूर और गुलशन कोहली को सचिव बनाया गया।
चेयरमैन नरेंद्र तनेजा और अध्यक्ष रोहित कत्याल ने बाबा प्रीतम सिंह का शाल पहनाकर अभिनंदन किया। बाबा प्रीतम सिंह ने भी नवगठित टीम के पदाधिकारियों को सरोपा पहनाकर सम्मानित किया और समाज व व्यापारियों की सेवा पूरी ईमानदारी, लगन और निष्ठा से करने के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्ष रोहित कत्याल ने कहा कि संगठन ने तीन महीने में 1000 व्यापारियों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कम से कम 25 व्यापारियों को संगठन से जोड़कर मजबूत टीम तैयार करने और व्यापारियों की सेवा में जुटने की अपील की।
कार्यक्रम में बाबा प्रीतम सिंह, नरेंद्र तनेजा, सुरेश बरेजा, विश्वनाथ जुनेजा, महेंद्र चुनेजा, सोनू कक्कड़, संजय अरोरा, रोहित कत्याल, कुलदीप कोहली, अमित मदान, अमित खत्री, प्रशांत मिश्रा, विकास कुंद्रा, सौरभ कालरा, अमित सूरी, पुलकित वाधवा, सौरभ हिंदुजा, अभिषेक कपूर और गुलशन कोहली सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।