श्री बांके बिहारी कॉरिडोर को लेकर नारी शक्ति का आह्वान: राधे-राधे की 251 ईंटें भेंट, रैली में गूंजे जयकारे

मथुरा। वृंदावन में श्री बांके बिहारी जी मंदिर के भव्य कॉरिडोर निर्माण के समर्थन में आज महिला संगठनों की जबरदस्त शक्ति दिखाई दी। जिले के विभिन्न महिला संगठनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को राधे-राधे नाम की 251 ईंटें भेंट कीं। साथ ही इन संगठनों द्वारा श्री बांके बिहारी जी कॉरिडोर के समर्थन में वृहद रैली भी निकाली गई, जिसमें राधे-राधे और हमें चाहिए कॉरिडोर के जयकारों से जिला मुख्यालय गूंज उठा।

Jun 27, 2025 - 22:17
Jun 27, 2025 - 22:19
 0
श्री बांके बिहारी कॉरिडोर को लेकर नारी शक्ति का आह्वान: राधे-राधे की 251 ईंटें भेंट, रैली में गूंजे जयकारे
वृंदावन में श्री बांके बिहारी जी कॊरिडोर के समर्थन में रैली निकालने के बाद मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह को ज्ञापन देतीं मथुरा के महिला संगठनों से जुड़ीं महिलाएं। चित्र में वे ईंटें भी हैं, जो मंडलायुक्त को भेंट की गईं।

-मथुरा पहुंचे मंडलायुक्त को कॊरिडोर के समर्थन में दिया ज्ञापन

कॉरिडोर की आवश्यकता को लेकर दिया ज्ञापन
जीवन आनंद फाउंडेशन, परिंदे फाउंडेशन, मिशन स्माइल सिंधी वेलफेयर फाउंडेशन, विश्व हिंदू महासंघ मातृ शक्ति प्रकोष्ठ, विप्रा फाउंडेशन, व्हाइट फ्रेम थियेटर, ओलंपिक संघ, भारतीय किसान यूनियन (सर्व) महिला विंग, राष्ट्रीय लोक दल समेत कई संगठनों ने मिलकर श्री बांके बिहारी कॉरिडोर निर्माण हेतु प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और इसका ज़ोरदार समर्थन किया।

ईंटों के साथ सिर पर आस्था लिए उतरीं महिलाएं
कलेक्ट्रेट गेट से शुरू हुई रैली में महिलाएं सिर पर राधे-राधे लिखी ईंटें लेकर पैदल चलीं। जगह-जगह श्री बांके बिहारी जी के जयकारों, गानों, नारों, स्लोगनों और बैनरों के माध्यम से कॉरिडोर के पक्ष में समर्थन जताया गया। महिलाओं का कहना था कि कॉरिडोर निर्माण से श्रद्धालुओं को सुगम, सरल और सुरक्षित दर्शन सुलभ होंगे।

कोई नुकसान नहीं, सबका होगा विकास
महिलाओं ने स्पष्ट किया कि इस कॉरिडोर से किसी का भी नुकसान नहीं होगा। सरकार द्वारा मुआवजा और वैकल्पिक आवास/दुकानों की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर के बाहरी विकास और आने-जाने के मार्गों को सुव्यवस्थित करना ही इस योजना का उद्देश्य है।

कॉरिडोर से जुड़े लाभों पर जोर
महिलाओं ने कहा कि वृंदावन के चतुर्दिक विकास, महिला एवं बुजुर्गों की सुविधाएं, भीड़ प्रबंधन, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और धार्मिक पर्यटन को नया आयाम देने हेतु यह कॉरिडोर आवश्यक है। यह भक्ति, संस्कृति और सुव्यवस्था का प्रतीक बनेगा।

मंडलायुक्त और जिलाधिकारी की प्रतिक्रिया
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि वृंदावन को व्यवस्थित और भक्तों के अनुकूल बनाने हेतु कॉरिडोर अति आवश्यक है। यह न केवल श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी की सहमति और सहयोग से ही निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि मंदिर बंद होने की जो अफवाहें फैल रही हैं, वे निराधार हैं। प्रभावित लोगों को मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा सुनरख और रुक्मणि विहार में फ्लैट प्रदान किए जाएंगे। किसी का भी अहित नहीं होने दिया जाएगा।

इन महिला संगठनों की रही भागीदारी

रैली में श्रीमती रीता चौधरी, श्रीमती सोनिका शर्मा, श्रीमती गीता नाथानी, श्रीमती अनीता चावला, श्रीमती नम्रता गुप्ता, श्रीमती गुंजन शर्मा, श्रीमती सुजाता सिंह के साथ-साथ सैकड़ों महिलाएं शामिल रहीं। इनमें कीर्ति शर्मा, सपना ठाकुर, रुचि सोनी, हेमलता चौधरी, बत्तन सैनी, सीमा सैनी, मधु ठाकुर, ऊषा सोलंकी, गीता ब्रजराज, मांडवी राठौर और प्रियंवदा द्विवेदी प्रमुख रहीं।

SP_Singh AURGURU Editor