पीएम मोदी के आगमन को लेकर बेचैन कनाडा,  मार्क कार्नी बोले,   दिसंबर में आ रहे भारतीय प्रधानमंत्री

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने इसका जिक्र संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए अपने भाषण में भी किया है। इसे भारत-कनाडा संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पीएम मोदी दिसंबर में कनाडा का दौरा कर सकते हैं।

Sep 24, 2026 - 20:00
 0
पीएम मोदी के आगमन को लेकर बेचैन कनाडा,  मार्क कार्नी बोले,   दिसंबर में आ रहे भारतीय प्रधानमंत्री

ओटावा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में कनाडा की यात्रा कर सकते हैं। यह जानकारी कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने दी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दिसंबर में कनाडा के दौरे पर आ सकते हैं। कार्नी ने भारत-कनाडा व्यापार समझौते के लिए बातचीत में अच्छी प्रगति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष दिसंबर तक व्यापार वार्ता पूरी करने की उम्मीद कर रहे हैं और वह मोदी की मेजबानी करने के लिए उत्सुक हैं। मार्क कार्नी का यह बयान तब आया है, जब अमेरिका ने कनाडा पर दबाव बढ़ा दिया है। ट्रंप प्रशासन ने कनाडा पर टैरिफ भी लगाया है और वहां अलगाववाद को भी हवा दे रहा है।

कार्नी ने मंगलवार को यूएनजीए के उच्च-स्तरीय सत्र के दौरान कहा, "हम भारत के साथ अपनी व्यापार वार्ता में अच्छी प्रगति कर रहे हैं। यह कई स्तरों पर - लोगों के बीच संबंधों, सुरक्षा और व्यापार व अर्थव्यवस्था के लिहाज से - बेहद महत्वपूर्ण रिश्ता है।" उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और उन्होंने पिछले साल जी20 में "इस साल जी20 तक बातचीत पूरी करने की दिशा में काम करने" का वादा किया था।

कार्नी ने कहा कि चूंकि जी20 शिखर सम्मेलन दिसंबर में होना है, "मेरा मानना ​​है कि भारत ने अभी पुष्टि की है कि प्रधानमंत्री उस समय कनाडा का दौरा करेंगे। सटीक तारीख अभी तय नहीं है, लेकिन मैं उनकी मेजबानी करने के लिए बहुत उत्सुक हूं।" पीएम मोदी ने पिछली बार कार्नी के निमंत्रण पर जून 2025 में G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए कनाडा का दौरा किया था। इस साल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 14-15 दिसंबर को फ्लोरिडा के डोरल में ट्रंप नेशनल डोरल मियामी रिजॉर्ट में G20 शिखर सम्मेलन की मेज़बानी करेंगे।

वर्तमान में अमेरिका और कनाडा में व्यापार युद्ध छिड़ा हुआ है। दोनों देशों में व्यापार समझौते को लेकर जारी बातचीत विफल रही है। इससे गुस्साए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के सामानों पर 50% तक टैरिफ लगा दिया है। इसके जवाब में कनाडा ने भी 8 सितंबर 2026 से अमेरिका के अरबों डॉलर के उत्पादों (जैसे स्टील, फर्नीचर, डेयरी और इलेक्ट्रॉनिक्स) पर 15% से 50% तक के जवाबी शुल्क लागू कर दिए हैं। अमेरिका ने कनाडाई उत्पादों को संघीय खरीद से हटाने और डेयरी, अल्कोहल व मोटरसाइकिलों पर पूर्ण प्रतिबंध जैसी सख्त कार्रवाइयों की घोषणा की है।