पालतू श्वान को गायब करने वाला सीसीटीवी में रिकार्ड

आगरा। थाना कमला नगर क्षेत्र के बल्केश्वर में गायब हुए एक पालतू श्वान के मामले में एक युवक मुसीबत में फंस सकता है। दरअसल इसी युवक ने श्वान को गायब किया है। सीसीटीवी कैमरों में युवक की ये हरकत रिकार्ड हो गई है।

Oct 3, 2024 - 19:55
 0
पालतू श्वान को गायब करने वाला सीसीटीवी में रिकार्ड

जो पालतू श्वान गायब हुआ है, वह बल्केश्वर के हरिपाल सिहं का है। हरिपाल वाटर वर्क्स स्थित गोशाला में काम करता है। विगत 29 सितंबर को यह श्वान अचानक गायब हो गया तो हरिपाल बहुत परेशान हो गया। पहले आसपास तलाशा लेकिन जब कहीं पता नहीं चला तो उसने अपने घर के आसपास के कैमरे चेक किए। कैमरों में पड़ोस का ही एक युवक श्वान को बोरे में बंद कर दुपहिया वाहन पर ले जाता दिख रहा है। 

हरिपाल ने अब थाना कमला नगर पुलिस में पड़ोसी युवक के खिलाफ श्वान को गायब करने की शिकायत दर्ज कराते हुए यह भी आशंका जताई है कि शायद युवक ने उसके पालतू श्वान को मार दिया है।