गोकुल टीएफसी प्रोजेक्ट की धीमी रफ्तार पर सीईओ सख्त, गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश
गोकुल में ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा बन रहे पर्यटक सुविधा केंद्र (टीएफसी) के निर्माण कार्य की सुस्त प्रगति पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल ने बुधवार को सख्त नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तकनीकी बिंदुओं की 20-सूत्रीय चेकलिस्ट तैयार कर, कार्यदायी संस्था को सुधार के निर्देश दिए।
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल ने बुधवार को गोकुल में निर्माणाधीन पर्यटक सुविधा केंद्र (टीएफसी) का निरीक्षण किया। यह परियोजना ब्रज क्षेत्र में आने वाले देशी-विदेशी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान सीईओ पटेल ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, डिज़ाइन, तकनीकी सटीकता और कार्य प्रगति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने ईंटों की गुणवत्ता पर असंतोष व्यक्त किया और कार्यदायी संस्था को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
सीईओ ने साइट पर मौजूद स्टॉक एंट्री रजिस्टर, विज़िटर रजिस्टर और लैब रिपोर्ट का अवलोकन किया और पाया कि मौके पर केवल 48 मज़दूर कार्यरत हैं, जबकि रिकॉर्ड में 80 मजदूर दर्ज थे। इस पर उन्होंने कार्य की गति तेज करने और कम से कम 150 मज़दूरों की तैनाती का निर्देश दिया।
साइट सुपरवाइज़र से जवाब असंतोषजनक मिलने पर सीईओ ने नाराजगी जताई और कहा कि बीम और कॉलम निर्माण में वाइब्रेटर का प्रयोग बढ़ाया जाए, ताकि संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मौरंग, रेत, सीमेंट और प्राइमर की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए तथा सभी निर्माण सामग्री के खाली पैकेट सुरक्षित रखने के लिए कहा, जिससे बाद में सत्यापन किया जा सके।
सीईओ ने अधिशाषी अभियंता प्रशांत गौतम को निर्देश दिया कि साइट सुपरवाइज़र को 20 तकनीकी बिंदुओं वाली चेकलिस्ट उपलब्ध कराई जाए। इसके तहत प्रत्येक कार्य चरण की गुणवत्ता रिपोर्टिंग अनिवार्य होगी। उन्होंने अवर अभियंताओं से भी कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और साइट पर नियमित निरीक्षण और निगरानी सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता प्रशांत गौतम, आर्किटेक्ट मयंक गर्ग, अवर अभियंता सुनील कुमार राजोरिया, तथा तकनीकी टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।