राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने जन समस्याओं का निस्तारण न करने वाले अधिकारियों को लिया आड़े हाथ 

आगरा। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने जनसमस्याओं का ससमय निस्तारण न करने वाले विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि वह जनसुनवाई के दिन से एक सप्ताह में प्राप्त आवेदन तथा दिए निर्देशों की अनुपालन रिपोर्ट व निस्तारण आख्या उपलब्ध कराएं। साथ ही उन्होंने जन सुनवाई की समय से अनुपालन आख्या उपलब्ध न कराने वाले अधिकारियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए और कहा कि ऐसे सभी अधिकारियों के विरुद्ध उनके विभाग को सूचित कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Jun 9, 2025 - 23:48
 0
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने जन समस्याओं का निस्तारण न करने वाले अधिकारियों को लिया आड़े हाथ 
सर्किट हाउस में जन सुनवाई करतीं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. चौहान सोमवार को नवीन सर्किट हाउस में महिला जन सुनवाई कर रहीं थीं। उन्होंने महिला उत्पीड़न तथा सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंचाने हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में पुलिस व प्रशासन विभाग के अनुपस्थित अधिकारियों के स्थान पर अधीनस्थ अधिकारियों की उपस्थिति पर अध्यक्ष ने कड़ी आपत्ति व्यक्त की तथा आगामी बैठक में सभी थानों से सक्षम अधिकारी के उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग में महिला कल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की। 

अध्यक्ष डॉ. चौहान ने जनपद में अभियान चलाकर सभी टैक्सी, ओला, उबर आदि पब्लिक ट्रांसपोर्ट वाहनों पर चालकों की सीट के पीछे चालक का नाम, पहचान, मोबाइल नंबर लिखे जाना सुनिश्चित किए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

विभागीय समीक्षा से पूर्व जनसुनवाई में 46 आवेदन प्राप्त हुए। जिन पर संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही कर निस्तारण की आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। 

जन सुनवाई में सिटी मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान, एसीपी सुकन्या शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजय कुमार, बीएसए जितेन्द्र कुमार गौड़, जिला सूचना अधिकारी शीलेंद्र कुमार शर्मा, एसीएमओ डॉ. प्रवीण रावत,  एसएचओ महिला थाना हेमलता, उपनिरीक्षक संगीता, नरेश त्यागी, एसएचओ सदर बाजार, एडीपीआरओ संदीप वर्मा, प्रबंधक कौशल विभाग अमित धाकरे, आरपीएफ कैंट के धर्मेंद्र तोमर आदि मौजूद रहे।

सर्किट हाउस में जनसुनवाई और विभागीय समीक्षा के बाद राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान यमुना में डूबकर मरीं छह बच्चियों के परिवारजनों से मुलाकात करने गांव पहुंची। उन्होंने परिजनों को ढाढ़स बंधाते हुए आश्वस्त किया कि सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।