देर रात तक गूंजे बाबा श्याम के जयकारे, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
आगरा के जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति की ओर से श्याम अरदास संकीर्तन आयोजित किया गया। गणेश वंदना और अखंड ज्योत प्रज्वलन के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में विकास वर्मा, मीनाक्षी शर्मा, नरेश खत्री, पूनम राना और नितिन एस. कपूर ने भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे। श्रावण माह के चलते बाबा श्याम को झूले में विराजमान कराया गया। समापन पर मंगल आरती हुई।
जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में श्याम अरदास संकीर्तन का आयोजन, श्रावण में झूले पर विराजमान हुए बाबा श्याम
आगरा। आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति की ओर से जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में सोमवार को श्याम अरदास संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। देर रात तक मंदिर परिसर श्याम भजनों और बाबा के जयकारों से गूंजता रहा। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना और अखंड ज्योत प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भजन गायकों ने बाबा खाटू श्याम की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। जैसे-जैसे संकीर्तन आगे बढ़ा, श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया। भजन गायक विकास वर्मा ने 'हमारी दौलत है...', *'थक सा गया हूं मैं बाबा...' जैसे भजनों से संकीर्तन की शुरुआत की। इसके बाद मीनाक्षी शर्मा ने 'हम हैं श्याम के प्यारे, बाबा श्याम हमारे...', भजन प्रस्तुत कर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालुओं ने जमकर तालियां बजाईं और बाबा श्याम के जयकारे लगाए।
इसके बाद नरेश खत्री ने 'जब भी श्याम दीवानों के सिर पर संकट मंडराएगा, आएगा...', भजन सुनाकर माहौल को और भक्तिमय बना दिया। उन्होंने 'आयो सांवरिया...', भजन की प्रस्तुति देकर भी खूब तालियां बटोरीं। संकीर्तन में चंडीगढ़ से पहुंचीं भजन गायिका पूनम राना और भजन गायक नितिन एस. कपूर ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर पहुंचते ही दोनों कलाकारों ने बाबा श्याम के समक्ष शीश झुकाकर नमन किया और श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने 'सुन लो मेरी पुकार बाबा खाटू श्याम...', 'चरणों की सेवा मुझे, श्याम मेरी किस्मत बना दीजिए...', 'झीणो-झीणो सार ले बाबा श्याम...', 'जब कोई नहीं आता, मेरे श्याम आते हैं...', 'हाजिरी लिखवाता हूं हर ग्यारस में...', जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों के दौरान श्रद्धालु हाथ उठाकर बाबा श्याम का स्मरण करते रहे और पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।
समिति के अध्यक्ष अमन गर्ग ने बताया कि श्रावण माह के अवसर पर बाबा खाटू श्याम को विशेष रूप से झूले में विराजमान कराया गया है। भक्तों के लिए बाबा का यह विशेष श्रृंगार और झूला दर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने कहा कि समिति की ओर से समय-समय पर ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को बाबा श्याम की भक्ति से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। संकीर्तन के समापन पर समिति के अध्यक्ष अमन गर्ग ने बाबा श्याम की मंगल आरती उतारी। इसके बाद श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर बाबा श्याम से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में उमेश, दिव्यांश, सौरभ, यश, विष्णु, तरुण, विशाल, अमित, नीरज, राहुल, सनी सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।