हैप्पी स्ट्रीट' में बच्चों की मस्ती का धमाल, पोली किड्स स्कूल ने बाल दिवस को बनाया यादगार
आगरा। दयालबाग स्थित द पोली किड्स स्कूल द्वारा बाल दिवस के अवसर पर आयोजित 'हैप्पी स्ट्रीट' कार्यक्रम में बच्चों ने खूब मस्ती और उत्साह का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन एकता पार्क, एलोरा एन्क्लेव में किया गया। पूरे वातावरण में रंगारंग खेल, संगीत और जादू का समागम नजर आया।
स्कूल की निदेशक रश्मि अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से नन्हे-मुन्ने बच्चों को खेल-खेल में सीखने और खुलकर भाग लेने का अवसर दिया गया। मंच पर टंग ऑफ़ वॉर, लेमन रेस, म्यूजिकल चेयर जैसे रोमांचक खेल हुए, जिनमें बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए। मैजिक शो में जादूगर ने अनोखे करतब दिखाकर बच्चों और अभिभावकों दोनों को हैरान कर दिया।
म्यूजिक की धुनों पर राइम्स और पोएम्स की प्रस्तुति ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। किसी बच्चे ने कविता सुनाकर तालियां बटोरीं, तो किसी ने मजेदार लतीफा सुनाकर सबको मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया। खास बात यह रही कि अभिभावक भी बच्चों के साथ फन गेम्स में शामिल होकर कार्यक्रम को पारिवारिक और मनोरंजक बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन दीपक जैन ने किया। इस अवसर पर सेंटर हैड दीर्धा सूद, काजोल बंसल, निशि सक्सेना, स्नेहा कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
पोली किड्स के इस आयोजन ने न सिर्फ बच्चों को मस्ती का मौका दिया, बल्कि अभिवावकों को भी अपने बच्चों के साथ बचपन जीने का अहसास कराया।