सीएम योगी ने उपचुनावों को लेकर बनाई खास रणनीति
लखनऊ। यूपी विधानसभा की नौ रिक्त सीटों पर होने वाले उपचुनाव की घोषणा के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन मोड में हैं। उन्होंने अपने सरकारी आवास पर राज्य की नौ विधान सभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव को लेकर एक अहम रणनीतिक बैठक की।
इस बैठक में सभी नौ सीटों को जीतने के प्लान पर रणनीति तैयार की गई। जिन-जिन जिलों में चुनाव होने हैं, वहां के प्रभारी मंत्रियों को बैठक में बुलाया गया था। सीएम योगी ने टीम-30 को उपचुनाव में सभी नौ सीटें जीतने का टारगेट दिया है। यूपी में लोकसभा चुनाव में कमजोर प्रदर्शन के बाद यह उपचुनाव बीजेपी के लिए साख की लड़ाई बन गई है। लोकसभा चुनाव की तरह ही इस बार फिर एनडीए और इंडिया अलायंस के बीच सीधी टक्कर है।
यूपी उपचुनाव की कमान सीएम योगी खुद संभाल रहे हैं और एक-एक सीट पर प्लान सेट कर रहे हैं। जिन जिलों में चुनाव होने हैं वहां के प्रभारी मंत्री, जिला अध्यक्ष, डिप्टी सीएम, संगठन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर एक एक बूथ को मजबूत करने का भी मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है। इसे टीम-30 भी कहा जा रहा है। इसी टीम-30 पर इन उपचुनावों में जीत सुनिश्चित करने का पूरा दारोमदार होगा। यूपी में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं और नौ सीटों पर 13 नवंबर की तारीख आ चुकी है। मिल्कीपुर सीट पर चुनाव की तारीख अभी पेंडिंग है।
सपा ने सात कैंडिडेट मैदान में उतार दिए हैं। कांग्रेस के खाते में दो सीटें गई हैं। मिल्कीपुर सीट पर अभी तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। सपा ने पहले से यहां सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को टिकट दिया है।