अचानक पीएम मोदी के जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे सीएम योगी

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल अचानक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसंपर्क कार्यालय पहुंच गए। बिना किसी पूर्व सूचना के उनके यहां पहुंचने से फरियादियों में उत्साह दिखा। सीएम ने स्वयं लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर चेहरे पर खुशहाली लाना प्रधानमंत्री का संकल्प है और प्रदेश सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है।

Apr 4, 2025 - 06:54
 0
अचानक पीएम मोदी के जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे सीएम योगी


 
मुख्यमंत्री वाराणसी के जवाहर नगर स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे, जहां पहले से मौजूद कई लोग अपनी समस्याओं को लेकर आए थे। उन्होंने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत का त्वरित समाधान किया जाए और कोई भी समस्या लंबित न रहे।

सीएम ने जनसामान्य से मिले शिकायत पत्रों को अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि सभी समस्याओं का निस्तारण पूरी गुणवत्ता के साथ शीघ्र किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और कोई भी व्यक्ति सरकारी तंत्र की उदासीनता के कारण परेशान न हो।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि देश के हर नागरिक के चेहरे पर खुशहाली हो और प्रदेश सरकार उसी दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, व्यापारियों और नौजवानों की समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है।

सीएम के इस अचानक दौरे से साफ संकेत मिला कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है। योगी सरकार पहले से ही जनता दरबार, जनता शिकायत समाधान पोर्टल और हेल्पलाइन सेवाओं के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दे रही है।

मुख्यमंत्री के साथ इस दौरान स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी और सौरभ श्रीवास्तव सहित कई अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सीएम योगी ने चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर सरकारी योजना का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे। यह सुनिश्चित किया जाए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार जनता की सरकार है. जब तक हर गरीब, किसान और मजदूर को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक हमारी मेहनत जारी रहेगी।

सीएम ने कहा कि सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी तमाम योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए अधिकारी गंभीरता से काम करें। उन्होंने कहा कि अगर कोई गरीब इन योजनाओं से वंचित है तो तुरंत कार्रवाई कर उसे योजना का लाभ दिया जाए।