सीएम योगी का बरेली में कड़ा संदेश: बांग्लादेशी–रोहिंग्या पर ज़ीरो टॉलरेंस, मतदाता सूची में अपात्रों के नाम न रहें

गुरुवार को बरेली में दो घंटे की मंडलीय समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने विकास योजनाओं की प्रगति, एसआईआर की स्थिति और संवेदनशील अभियानों का लिया फीडबैक; प्रशासन को साफ निर्देश—सही डेटा, सही मतदाता और कानून व्यवस्था पर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं।

Dec 11, 2025 - 21:53
 0
सीएम योगी का बरेली में कड़ा संदेश: बांग्लादेशी–रोहिंग्या पर ज़ीरो टॉलरेंस, मतदाता सूची में अपात्रों के नाम न रहें
बरेली सर्किट हाउस में गुरुवार को एसआईआर को लेकर पार्टी के सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करते सीएम योगी आदित्यनाथ।

बरेली में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के पुत्र के विवाह समारोह में नवयुगल को आशीर्वाद देते सीएम योगी आदित्यनाथ। 

-रमेश कुमार सिंह-

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार शाम बरेली पहुंचे, तो शहर से लेकर प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज रही। सर्किट हाउस में हुई मंडलीय समीक्षा बैठक में उन्होंने विकास योजनाओं की कार्यप्रगति की गहन समीक्षा की और दो टूक कहा कि बिना किसी ढिलाई के सभी कार्य समयबद्ध तरीके से और गुणवत्तापूर्ण पूरे होने चाहिए।

बांग्लादेशी–रोहिंग्या पर ज़ीरो टॉलरेंस, सख्त अभियान जारी

सीएम योगी ने जिले में संचालित संवेदनशील अभियानों की प्रगति पर फीडबैक लेते हुए अवैध घुसपैठ पर पूरी सख्ती बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या कानून की पकड़ से बाहर नहीं रहने चाहिए।
उन्होंने पुलिस–प्रशासन को चेताया कि ऐसे मामलों में किसी भी कीमत पर लापरवाही न हो, क्योंकि यह प्रदेश और देश की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा है।

मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी नहीं चलेगी, एसआईआर की समीक्षा

सीएम ने पार्टी के सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों के साथ बैठक में एसआईआर की प्रगति को अलग से परखा और निर्देश दिया कि मतदाता सूची में अपात्र व्यक्ति का नाम बिल्कुल नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सही डेटा और सही मतदाता चुनावी प्रक्रिया की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
इस दौरान वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रभारी मंत्री जे.पी.एस. राठौर सहित सभी वरिष्ठ मंत्री, सांसद, विधायक, मेयर और उच्च अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

बरेली के मेयर उमेश गौतम के पुत्र और पुत्रवधु को आशीर्वाद देते सीएम योगी आदित्यनाथ।

बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री मेयर डॉ. उमेश गौतम के यहां पहुंचे, जहां उन्होंने उनके नव विवाहित पुत्र पार्थ गौतम और बहू जान्हवी को आशीर्वाद दिया। इसके बाद वे आईवीआरआई मैदान में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के पुत्र अपूर्व गंगवार के विवाह समारोह में शामिल हुए और नवदंपति को आशीर्वाद दिया।

सर्किट हाउस गेट पर हंगामा, भाजपा पदाधिकारी भड़के

सीएम की बैठक के दौरान बाहर सर्किट हाउस गेट पर तब हंगामा हो गया, जब पुलिसकर्मियों ने जनप्रतिनिधियों की गाड़ियां रोकना शुरू कर दिया।
इस पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व ब्रज क्षेत्र प्रभारी एमएलसी संतोष सिंह और ब्रज प्रदेश अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य नाराज हो गए। दोनों नेताओं ने कड़े शब्दों में आपत्ति जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की गाड़ियां रोकना गलत है और इससे पूरी व्यवस्था सवालों में आ जाएगी। बाद में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उनके वाहन अंदर भेजे गए, लेकिन नियम ऐसा रखा गया कि वीआईपी को छोड़कर बाकी सभी वाहनों को बाहर ही पार्क कराया गया।

करीब दो घंटे के प्रवास के बाद मुख्यमंत्री योगी बरेली एयरपोर्ट से लखनऊ रवाना हो गए।

SP_Singh AURGURU Editor