ग्वालियर हाईवे पर लोगों के साथ गंदे पानी में धरने पर बैठ गये कांग्रेस जिलाध्यक्ष
आगरा। आगरा-ग्वालियर हाईवे की दुर्दशा के खिलाफ आज कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। उन्होंने सीवर के बहते गंदे पानी के कारण सर्विस रोड पर हो रही परेशानी को लेकर लोगों के साथ मिलकर पानी में ही धरना शुरू कर दिया।
यह धरना हाईवे के रोहता चौराहा क्षेत्र में उस जगह पर दिया जा रहा है, जहां पिछले कई महीनों से जलभराव बना हुआ है। गंदे पानी के कारण सर्विस रोड पूरी तरह से बेकार हो चुकी है, जिससे आए दिन लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
आज के धरने में कांग्रेस जिलाध्यक्ष स्थानीय नागरिकों के साथ जलभराव वाले स्थान पर खुद पानी में बैठ गये। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी समस्या से आंखें मूंदे हुए है। रामनाथ सिकरवार ने कहा कि यह सिर्फ सड़क नहीं, लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी का सवाल है।
गड्ढों ने बढ़ाई मुसीबतें
बीते रोज इसी क्षेत्र में रोहता नहर बाईपास के पास पत्थरों से भरा एक ट्रक भी गड्ढों के चलते पलट गया था। उस घटना के बाद रामनाथ सिकरवार तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर धरना दे रहे लोगों को समर्थन भी दिया।
स्थानीय लोगों की मांग
हाईवे के सर्विस रोड से जलनिकासी की व्यवस्था की जाए। गड्ढों की मरम्मत तुरंत हो। हादसे के लिए जिम्मेदार एजेंसियों पर कार्रवाई हो।