संविधान को कांग्रेस ने बनाया सियासी हथियार, मोदी सरकार ने जनहित में किए ऐतिहासिक बदलाव: नवीन जैन
आगरा। संविधान गौरव दिवस पर शारदा यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कांग्रेस पर संविधान का इस्तेमाल राजनीतिक हितों के लिए करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण और तीन तलाक पर प्रतिबंध जैसे फैसले सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इस दौरान उन्होंने युवाओं को संविधान की शपथ दिलाते हुए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान और संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
नवीन जैन ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र, न्याय, समानता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का आधार है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में संविधान सभा ने इसका निर्माण किया, लेकिन कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अनेक बार राजनीतिक हितों के लिए संविधान में संशोधन किए। उन्होंने आपातकाल लागू करने और जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू किए जाने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण और तीन तलाक की प्रथा समाप्त करने जैसे फैसलों के माध्यम से सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाया है।
बाबा साहेब के सम्मान का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं दिया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उनके जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया। भीम ऐप के माध्यम से डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा दिया गया।
एक राष्ट्र, एक चुनाव की पैरवी करते हुए नवीन जैन ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से सरकारी संसाधनों और समय का बड़ा हिस्सा चुनावी प्रक्रिया में खर्च होता है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने से खर्च कम करने के साथ विकास कार्यों के लिए सरकारों को अधिक समय मिल सकेगा। उन्होंने युवाओं से संविधान को केवल पुस्तक तक सीमित न रखते हुए उसके अधिकारों, कर्तव्यों और मूल्यों को व्यवहार में उतारने की अपील की।
कार्यक्रम में शारदा यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. डॉ. परमानंद, रजिस्ट्रार सुरेंद्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष विद्यालय ऋषित जैन सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।