ताज महोत्सव की उलटी गिनती शुरू, फतेहाबाद रोड पर होगा महोत्सव, नए स्थल पर लगेंगे 500 स्टॉल
ताज महोत्सव–2026 की तैयारियों को लेकर मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इस बार महोत्सव नए स्थल फतेहाबाद रोड पर आयोजित होगा, जहाँ 500 स्टॉल, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, थीम नाइट्स और बेहतर पार्किंग-सुरक्षा व्यवस्था की योजना है। आयोजन को अधिक आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
बड़े कलाकारों और थीम नाइट्स की तैयारी
आगरा। ताज महोत्सव–2026 को इस बार और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। इसी क्रम में गुरुवार को मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में ताज महोत्सव समिति की अहम बैठक मण्डलायुक्त लघु सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन विभाग द्वारा महोत्सव आयोजन से जुड़ा विस्तृत एजेंडा प्रस्तुत किया गया।
बैठक के दौरान मण्डलायुक्त ने आयोजन से संबंधित विभिन्न कार्यों की टेंडर प्रक्रिया की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि प्रकाशन, होर्डिंग, कंपोजिट वर्क, इवेंट मैनेजमेंट, पार्किंग सहित सभी प्रमुख कार्यों के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं और कार्यक्रम स्थल पर काम शुरू हो गया है।
मण्डलायुक्त ने जिलाधिकारी, नगरायुक्त और एडीए उपाध्यक्ष को निर्देश दिए कि वे संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं और जनसुविधाओं को समय रहते सुनिश्चित करें। इस अवसर पर ताज महोत्सव–2026 के प्रस्तावित नए स्थल फतेहाबाद रोड स्थित जेपी होटल के निकट के ले-आउट प्लान का प्रेजेंटेशन दिया गया।
बताया गया कि लगभग 4 एकड़ क्षेत्र में फैले इस स्थल पर समुचित पार्किंग, फतेहाबाद रोड और ताजनगरी रोड दोनों ओर से एंट्री–एग्जिट की व्यवस्था होगी। ले-आउट में मुख्य मंच, कलाकारों के लिए ग्रीन रूम, मीडिया गैलरी, दर्शक दीर्घा, फूड जोन, फन जोन, झूले, फ्लावर शो, ओडीओपी प्रदर्शनी स्थल और पर्याप्त शौचालय जैसी सुविधाएँ शामिल होंगी।
इस बार ताज महोत्सव में स्टॉलों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। पिछले वर्ष 300 स्टॉलों की तुलना में इस बार 500 स्टॉल लगाए जाएंगे। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि शिल्प मेले में आगरा मंडल के उत्कृष्ट उत्पादों, ओडीओपी वस्तुओं, यूपी हैंडीक्राफ्ट, कार्पेट और पॉटरी के बेहतरीन स्टॉल प्राथमिकता के आधार पर लगाए जाएं। स्टॉलों का आवंटन “पहले आओ, पहले पाओ” के सिद्धांत पर किया जाएगा।
लाईटिंग, साज-सज्जा, प्रचार-प्रसार और कलाकारों के चयन से जुड़ी सभी निविदाएं समय पर जारी कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत इस बार कवि सम्मेलन और मुशायरा, सूफी नाइट, डिवोशनल नाइट, फोक म्यूजिक, थिएटर, लाफ्टर नाइट, वालीवुड नाइट और पंजाबी नाइट जैसी विविध थीम्स पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देश-प्रदेश के लोकप्रिय कलाकारों की प्रस्तुतियां महोत्सव का मुख्य आकर्षण होंगी, जिनकी सूची को संबंधित समिति द्वारा अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मण्डलायुक्त ने जल्द से जल्द स्थानीय, प्रदेशीय और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों का चयन कर कार्यक्रमों की तिथिवार सूची तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर संबंधित समितियों और अधिकारियों को समय से सभी तैयारियाँ पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में ताज महोत्सव–2026 के लिए आमजन से प्राप्त थीम सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमौली, सीडीओ प्रतिभा सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।